March 29, 2026

आमबगान मैदान का हो रहा सौंदर्यीकरण, अवैध पार्किंग व गैरेज हटाएं

IMG-20251206-WA0002

स्थलीय परीक्षण के बाद सरयू ने मैदान की खस्ताहालत पर उपायुक्त को लिखा पत्र

hemkund-public-school

जमशेदपुर : विधायक सरयू राय ने उपायुक्त को पत्र लिखकर साकची के नेताजी सुभाष चन्द्र बोस आमबगान मैदान की स्थिति सुधारने के संबंध में आग्रह किया है. उन्होंने लिखा है कि आमबगान मैदान कार-बसों की अवैध पार्किंग और अवैध गैरेज का अड्डा बन गया है. श्री राय ने कहा कि उक्त मैदान में स्थापित नेताजी सुभाषचन्द्र बोस की प्रतिमा को संरक्षित करने और प्रतिमा स्थल का सौंदर्यीकरण करने के लिए उनकी अनुशंसा पर विधायक निधि से कार्य हो रहा है. कार्य का अवलोकन करने के लिए शनिवार को जब वे वहां पहुंचे तो उन्हें यह देख कर आश्चर्य हुआ कि यह मैदान पूरी तरह से कारों-बसों की अवैध पार्किंग का अड्डा बन गया है. इतना ही नहीं, यह अवैध गैरेज का भी अड्डा बन गया है.
श्री राय ने लिखा कि उनके विधायक कार्यकाल (2014-19) में जुस्को ने मैदान की घेराबंदी व सौंदर्यीकरण का कार्य आरंभ किया था. यह कार्य किसी कारणवश पूरा नहीं हो सका. उस समय बंगाल क्लब, नेताजी सुभाष परिषद् एवं अन्य संगठनों की मांग पर इसका नामकरण नेताजी के नाम पर रखने की पहल हुई थी. यहां पूर्व विधायक स्व. मृगेन्द्र प्रताप सिंह की निधि से नेताजी की छोटी सी प्रतिमा स्थापित की गई थी, जिसके ऊपर छतरी लगाने और घेराबंदी करने का काम विधायक निधि से उनकी (श्री राय) अनुशंसा पर हुई है. इस अवसर पर श्री राय के साथ राजा चौधरी, भागवत मुखर्जी, सोमियो सेन, सुबोध श्रीवास्तव, अजय कुमार, परमिंदर सिंह पन्नू, दुर्गा राव, अमृता मिश्रा, नीरज सिंह, तारक मुखर्जी, संजीव मुखर्जी, पप्पू सिंह, पवन सिंह, शेषनाथ पाठक सहित कई समर्थक मौजूद थे.

झोपड़ीनुमा घर व अस्थायी दुकान भी बना डाला
सरयू ने लिखा कि मैदान में घुमन्तु किस्म के लोगों ने भी प्लास्टिक का झोपड़ीनुमा घर बनाकर रहना शुरू कर दिया है. मैदान के अंदर अस्थायी दुकानें बना दी है, अतिक्रमण कर लिया गया है. मैदान के एक कोने में कश्मीरी उलैन मेला लगा हुआ है. उन्होंने उपायुक्त से अनुरोध किया कि जिला प्रशासन, जेएनएसी तथा टाटा स्टील लिमिटेड के सहयोग से मैदान का सौंदर्यीकरण तथा इसे नेताजी के स्मृति स्थल के रूप में विकसित करने के संबंध में आवश्यक कारवाई करें.

You may have missed