एयरपोर्ट और उच्च शिक्षा की मांग‚ विजय आनंद मुनका ने रखी प्राथमिकताएं

Oplus_16908288
Singhbhum Chamber Jubilee: प्लेटिनम जुबली समारोह में शामिल हुए राज्यपाल
सर्च न्यू , सच के साथ : जमशेदपुर- स्थित सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने अपनी 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर भव्य प्लेटिनम जुबली समारोह का आयोजन किया। इस समारोह में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत उन्होंने पारंपरिक दीप प्रज्वलन से की और चैंबर के सदस्यों समेत मौजूद गणमान्य नागरिकों को संबोधित किया।राज्यपाल गंगवार ने जमशेदपुर को हालिया स्वच्छता सर्वेक्षण में देशभर में तीसरा स्थान मिलने पर खुशी जाहिर की और कहा कि यह सफलता नागरिकों, प्रशासन और उद्योग जगत के सामूहिक प्रयासों का प्रमाण है। उन्होंने सिंहभूम चैंबर की भूमिका को सराहते हुए इसे झारखंड के सबसे सक्रिय और प्रभावशाली औद्योगिक मंचों में से एक बताया।
राज्यपाल ने बताया कि सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स के 2500 से अधिक सक्रिय सदस्य हैं, जो कोल्हान क्षेत्र के करीब ढाई लाख लोगों का प्रतिनिधित्व करते हैं। इसमें व्यापारी, उद्योगपति, चार्टर्ड अकाउंटेंट और अधिवक्ता जैसे विभिन्न पेशों से जुड़े लोग शामिल हैं। उन्होंने भारत की अर्थव्यवस्था को दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की बात दोहराते हुए झारखंड को भी विकास की मुख्यधारा में लाने पर ज़ोर दिया।समारोह के दौरान चैंबर के उन सदस्यों को भी सम्मानित किया गया जिन्होंने सामाजिक, औद्योगिक या पेशेवर क्षेत्र में विशिष्ट योगदान दिया है।
उन्हें स्मृति चिन्ह प्रदान कर सराहा गया।इस अवसर पर सिंहभूम चैंबर के अध्यक्ष विजय आनंद मुनका ने संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि कोल्हान क्षेत्र की सबसे बड़ी जरूरत एयरपोर्ट की है। उन्होंने बताया कि जमशेदपुर के बच्चे इंटरमीडिएट के बाद उच्च शिक्षा के लिए दूसरे राज्यों का रुख कर रहे हैं‚ जिससे राज्य की प्रतिभा बाहर जा रही है। उन्होंने उच्च शिक्षा के लिए संस्थानों की स्थापना, चिकित्सा सुविधाओं में सुधार और पर्यटन क्षेत्र के विकास की भी मांग रखी।
मुनका ने यह भी बताया कि गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए लोगों को पुणे, चेन्नई या वेल्लोर जैसे शहरों की ओर जाना पड़ता है, जो आर्थिक और मानसिक रूप से चुनौतीपूर्ण होता है। उन्होंने कहा कि झारखंड के पास खनिज, हरियाली और सांस्कृतिक विविधता के रूप में असीमित पर्यटन संभावनाएं हैं, जिन्हें योजनाबद्ध तरीके से विकसित किया जाना चाहिए।
इस समारोह ने एक ओर जहां चैंबर के 75 वर्षों की उपलब्धियों को रेखांकित किया‚ वहीं दूसरी ओर राज्य के औद्योगिक और सामाजिक भविष्य को लेकर नई प्राथमिकताओं को भी स्वर दिया।