अखाड़ा समितियां बैठक कर शोभायात्रा की तैयारी समय से पूरी करें
रामनवमी महोत्सव की तैयारी हेतु केंद्रीय रामनवमी अखाड़ा समिति की बैठक, 163 लाइसेंसी व 12 गैर लाइसेंसी अखाड़ा समितियों की भागीदारी
जमशेदपुर : रामनवमी महोत्सव की तैयारी और सफलता को लेकर केंद्रीय रामनवमी अखाड़ा समिति की बैठक रविवार को साकची उत्कल एसोसिएशन सभागार में समिति के अध्यक्ष आशुतोष सिंह की अध्यक्षता में हुई. बैठक में 163 लाइसेंसी और 12 गैर-लाइसेंसी अखाड़ा समितियों के पदाधिकारी एवं सदस्य शामिल हुए. बैठक में तय किया गया कि अखाड़ों की शोभायात्रा सह विसर्जन 28 मार्च को सम्पन्न होगा. इस दौरान प्रशासन के सहयोग से सुरक्षा, व्यवस्था और अनुशासन सुनिश्चित करने के लिए अखाड़ा समिति अपना योगदान देंगे.
समिति के मुख्य संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह ने कहा कि प्रत्येक अखाड़ा समिति अपने-अपने क्षेत्र में बैठक कर शोभायात्रा की तैयारी समय से पूरी करें और प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर व्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित करें. अध्यक्ष आशुतोष सिंह ने सुझाव दिया कि अखाड़ा समितियां अपने-अपने क्षेत्रों में महिलाओं की सहभागिता को प्रोत्साहित करें. संरक्षक नीरज सिंह ने कहा कि अखाड़ा समितियों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि शोभायात्रा पूरी तरह नशामुक्त और मर्यादित वातावरण में निकले. बैठक का संचालन कोषाध्यक्ष शंभु मुखी एवं धन्यवाद ज्ञापन प्रमोद तिवारी ने दिया. बैठक में मुख्य संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह, संरक्षक नीरज सिंह, भीष्म सिंह, शंकर रेड्डी, धर्मेंद्र प्रसाद, प्रमोद तिवारी, राजेश सिंह, नंदलाल सिंह, परमात्मानंद मिश्रा, अजय रजक, आशुतोष राय, अनिल सिंह, भास्कर मुखी सहित की सदस्य मौजूद थे.
गोस्वामी अखाड़ा के संचालक के निधन पर श्रद्धांजलि
बैठक के बाद नारायण गोस्वामी अखाड़ा समिति के संचालक अशोक गौड़ के निधन पर शोक व्यक्त किया गया. बैठक में केंद्रीय समिति के पदाधिकारियों एवं उपस्थित सभी अखाड़ा समितियों के प्रतिनिधियों ने दिवंगत पुण्यात्मा के शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी.
मेयर ने सुनी मानगो के अखाड़ा समितियों की समस्याएं
जमशेदपुर : मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता ने आगामी रामनवमी पर्व को लेकर मानगो क्षेत्र के अखाड़ा समितियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की. समितियों के सदस्यों ने उन्हें विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया. बैठक में सफाई व्यवस्था, बिजली आपूर्ति, पेयजल की उपलब्धता तथा जुलूस मार्गों की साफ-सफाई और व्यवस्था को लेकर चर्चा हुई. मेयर सुधा गुप्ता ने प्रतिनिधियों की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि नगर निगम की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएगी. इस अवसर पर त्रिवेदी बाबा अखाडा के नितिन त्रिवेदी, श्रमिक अखाडा समिति के संजय मुखर्जी सहित कई अखाड़ा समितियों के प्रतिनिधि शामिल हुए. बाद में शिव शंकर समिति अखाडा के अशोक गोप के चित्र पर माल्यार्पण कर और 2 मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई.
