अखिल भारतीय गीता श्लोक प्रतियोगिता 8 फरवरी को
जमशेदपुर : साई परिवार विश्व सेवा संस्थान के तत्वावधान में आगामी 8 अक्टूबर को “अखिल भारतीय गीता श्लोक प्रतियोगिता” का आयोजन किया जाएगा. यह प्रतियोगिता श्री साईंनाथ देवस्थानम, घोड़ाबांधा, टेल्को में आयोजित होगी. संस्थान द्वारा भगवद गीता के विषय पर यह प्रतियोगिता पहली बार आयोजित की जा रही है. प्रतियोगिता में शहर के विभिन्न विद्यालयों से कुल 35 प्रतिभाशाली छात्र-छात्राएँ भाग ले रहे हैं. प्रतियोगिता को सब-जूनियर, जूनियर एवं सीनियर – तीन वर्गों में विभाजित किया गया है.
प्रतियोगिता का समय सुबह 10 बजे से अपरान्ह 2 बजे तक निर्धारित है. प्रत्येक प्रतिभागी को श्लोक पाठ के लिए 2 मिनट तथा श्लोक के अर्थ की व्याख्या के लिए 1 मिनट का समय दिया जाएगा. प्रतियोगिता के परिणामों की घोषणा उसी दिन प्रतियोगिता समाप्ति के पश्चात की जाएगी. उक्त कार्यक्रम की विशेष उपलब्धि यह है कि कार्यक्रम के मुख्य अंशों का प्रसारण “कैलिफ़ोर्निया टेलेविज़न ग्लोबल” के पेज के माध्यम से विश्व के 15 देशों में किया जाएगा, जिससे भारतीय संस्कृति और भगवद गीता का संदेश अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुँचेगा.
इस आयोजन का उद्देश्य बच्चों में भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक मूल्यों एवं भगवद गीता के संदेशों के प्रति जागरूकता एवं रुचि विकसित करना है. संस्थान को विश्वास है कि यह प्रतियोगिता बच्चों के नैतिक एवं बौद्धिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी. प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों में आकृति कुमारी, बंश भोले, आन्या सिन्हा, आद्या सिंह, इपिल मुर्मू, अश्मिता महांती, काश्वी सिंह, सायोनिका डे, ओजस कुमार, आरोही कुमार, नंदिता कुमारी, इशानी गुप्ता, सान्वी विश्वकर्मा, आदित्य कौशल सिन्हा, सान्वी प्रिया, देवांश झा, वैष्णवी गोराई, सम्रिथ दास, साहिल कुमार पाल, हर्ष मंडल, मित्रजीत चक्रवर्ती, धन्या मिश्रा, कनिका कुमारी, थरण्या शर्मा, सारांश कुमार, साईस्पर्श कैमी, अवनि सिंह, नव्या कुमारी, अंशिका कुमारी सहित केशव कुमार दत्ता, श्रेया तिवारी, तुषार दास, अंजलि कुमारी, रिदम भारद्वाज एवं स्नेहा द्विवेदी शामिल हैं. साई परिवार विश्व सेवा संस्थान ने शहर के धर्मप्रेमी नागरिकों, अभिभावकों एवं गीता प्रेमियों से इस आयोजन में उपस्थित होकर बच्चों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है.
