अल्पसंख्यकों के कल्याणार्थ संचालित योजनाओं में प्रगति की समीक्षा
राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पहुंचे शहर, विभागीय पदाधिकारियों के साथ की बैठक
जमशेदपुर : झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान एवं उपाध्यक्ष प्राणेश सॉलोमन ने स्थानीय परिसदन में जिला के विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों के साथ अल्पसंख्यकों के कल्याणार्थ संचालित योजनाओं में प्रगति की समीक्षा बैठक की. बैठक में आयोग ने जिले के सभी विभागों मे चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं में अल्पसंख्यकों को उनके जनसंख्या के अनुपात में भागीदारी सुनिश्चित करने से संबंधित सभी विभागों को निर्देश दिया एवं अल्पसंख्यकों के लिए चलाई जा रही योजनाओं की भी समीक्षा की.
समीक्षा बैठक से पूर्व आयोग द्वारा अयोजित जनसुनवाई में अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिसके समाधान के लिए आयोग की टीम ने त्वरित कार्रवाई का आदेश संबंधित विभागों को दिया. आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान ने कहा कि अल्पसंख्यक विद्यालयों में शिक्षकों के रिक्त पदों, विद्यालयों में आधारभूत संरचना निर्माण कार्य सम्बंधी बुनियादी समस्याओं को मुख्यमंत्री के संज्ञान में दिया जाएगा.
