March 28, 2026

अंतत: डीएम लाइब्रेरी का संचालन होगा शुरु, डीसी ने किया निरीक्षण

IMG-20260117-WA0000

25 फरवरी से उठा सकेंगे लाभ, पुस्तक दान के लिये शनिवार से शुरु होगा अभियान

hemkund-public-school

जमशेदपुर : जिला प्रशासन द्वारा साकची स्थित नवनिर्मित डीएम लाइब्रेरी का संचालन आगामी 25 फरवरी से प्रारंभ किया जाएगा. नागरिकों के सहयोग से इस लाइब्रेरी को विद्यार्थियों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं, शोधार्थियों एवं आम नागरिकों के लिए ज्ञान का महत्वपूर्ण केंद्र बनाने का प्रयास है. इस कड़ी में लाइब्रेरी को अधिक समृद्ध एवं उपयोगी बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा पुस्तक दान अभियान कल, 17 जनवरी से चलाया जाएगा, जिसमें जिले के सभी स्कूल, कॉलेज एवं कुछ चिन्हित स्थलों पर पुस्तक संग्रह अभियान प्रारंभ किया जाएगा. जिला के सभी नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपने घरों में उपलब्ध उपयोगी, अच्छी स्थितिवाली पुरानी पुस्तकें जैसे शैक्षणिक, साहित्यिक, प्रतियोगी परीक्षा, सामान्य ज्ञान, विज्ञान, इतिहास, संस्कृति आदि से संबंधित पुस्तकें दान कर इस अभियान में अपनी सहभागिता निभाएं.
इस क्रम में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने लाइब्रेरी का आज निरीक्षण भी किया. उन्होंने भवन निर्माण कार्य को लेकर जांच-पड़ताल की एवं लाइब्रेरी का संचालन 25 फरवरी से शुरू कराने को लेकर जेएनएसी के उप नगर आयुक्त को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. इस दौरान उपायुक्त ने लाइब्रेरी में छात्रों के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था, बेंच-डेस्क, पठन सामग्री, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल, शौचालय एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. जेएनएसी के उप नगर आयुक्त को निर्देश दिया कि लाइब्रेरी के संचालन से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियां जल्द पूर्ण की जाएं.

सम्मान पट्टिका में अंकित होंगे पुस्तकदाताओं के नाम
पुस्तक दान के अभियान में शामिल नागरिकों की पहल के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए सभी पुस्तकदाताओं के नाम पूर्वी सिंहभूम लाइब्रेरी में स्थापित सम्मान पट्टिका पर अंकित किए जाएंगे. इसके अतिरिक्त विशेष रूप से उल्लेखनीय योगदान देनेवाले दाताओं के सम्मान में पुस्तकालय के चयनित कक्षों एवं पुस्तकों की अलमारियों का नामकरण भी किया जाएगा. दस या उससे अधिक पुस्तकें दान करनेवाले व्यक्तियों को एक वर्ष की नि:शुल्क लाइब्रेरी सदस्यता प्रदान की जाएगी, जबकि सौ या उससे अधिक पुस्तकें दान करनेवाले व्यक्तियों को आजीवन नि:शुल्क लाइब्रेरी सदस्यता प्रदान की जाएगी. साथ ही इच्छुक दाताओं को भविष्य में पुस्तक एवं पुस्तकालय से जुड़े विविध संवाद, शैक्षणिक पहलों एवं साहित्यिक उत्सवों में सक्रिय सहभागिता से भी जोड़ा जाएगा.

निम्नांकित स्थानों पर संपर्क कर जमा करा सकते हैं पुस्तकें

  1. जेएनएसी कार्यालय-राज गौरव सिंह (मो. 6299590266)
  2. डीएम लाइब्रेरी, साकची-अश्विनी गुप्ता (मो. 6201354621)
  3. टाउन हॉल, सिदगोड़ा-सुरेश गुप्ता (मो. 9905504807)
  4. ईसीसी फ्लैट, कदमा-योगेश राणा (मो. 9031065077)
  5. बिष्टुपुर सामुदायिक भवन (चिन्मया विद्यालय के नजदीक)-कुलदीप भगत (मो. 8969678359).

You may have missed