March 22, 2026

Arka Jain University में महिला उद्यमियों ने छात्राओं को बताए उद्यमिता के गुर, एक्यूएमसी का उद्घाटन

Arka Jain University

Arka Jain University में महिला उद्यमियों ने छात्राओं को बताए उद्यमिता के गुर, एक्यूएमसी का उद्घाटन

  • विश्वविद्यालय के एमबीए विभाग एवं वीमेन सेल द्वारा आयोजित ‘हर वेंचर’ कन्क्लेव में शामिल हुईं जानीमानी महिला उद्यमी
  • एमबीए के छात्र की ओर से स्थापित ‘अरका क्वालिटी मैनेजमेंट क्लब’ की विधिवत शुरुआत

Jamshedpur/Jharkhand : अरका जैन यूनिवर्सिटी के एमबीए विभाग एवं वीमेन सेल में शुक्रवार को क्रमशः दो महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसमें ‘हर वेंचर : द वीमेन एंटरप्रेन्योर कन्कलेव’ (HerVenture: The Women Entrepreneurs Conclave’) और अरका क्वालिटी मैनेजमेंट क्लब (AQMC) का उद्घाटन शामिल है। ‘हर वेंचर’ कार्यक्रम में जानीमानी महिला उद्यमियों ने अपने उद्यमिता के सफर, संघर्ष, चुनौतियों और उपलब्धियों को साझा किया। इसके माध्यम से उन्होंने छात्र-छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने एवं नवाचार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

वहीं एक्यूएमसी की शुरुआत एमबीए विभाग के छात्र-छात्राओं की एक अभिनव पहल है। इस क्लब का मुख्य उद्देश्य छात्रों को क्वालिटी मैनेजमेंट के सिद्धांतों का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना है। इसके साथ ही उनकी समस्या-समाधान एवं विश्लेषणात्मक क्षमताओं को विकसित करना तथा उन्हें उद्योग के लिए तैयार पेशेवर बनाना है। यह क्लब छात्रों को प्रायोगिक सीखने के अवसर प्रदान करेगा और उन्हें वास्तविक जीवन की चुनौतियों, विशेषकर MSMEs के क्षेत्र में, कार्य करने का अनुभव देगा।

छात्रों को मिली आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा : डॉ. अमित कुमार श्रीवास्तव

इस अवसर पर यूनिवर्सिटी के निदेशक सह रजिस्ट्रार डॉ. अमित कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि ‘हर वेंचर’ जैसी पहल छात्रों को वास्तविक जीवन के अनुभवों से जोड़ने का कार्य करती है। इससे उनमें उद्यमिता की सोच विकसित होती है और वे भविष्य में आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित होते हैं। वहीं, एक्यूएमसी की स्थापना पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि यह अकादमिक शिक्षा और औद्योगिक प्रक्रियाओं के बीच की दूरी को कम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह छात्रों में निरंतर सुधार और गुणवत्ता के प्रति जागरूकता विकसित करेगा।

छात्रों में नवाचार, नेतृत्व एवं उद्यमिता कौशल विकसित को प्रतिबद्ध : डॉ. एसएस रजी

यूनवर्सिटी मैनेजमेंट बोर्ड के चेयरमैन डॉ. एस.एस. रज़ी ने कहा कि हम अपने छात्रों में नवाचार, नेतृत्व एवं उद्यमिता कौशल को विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। ‘हर वेंचर’ हमारे इसी दृष्टिकोण को साकार और भविष्य के सफल उद्यमियों को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। क्लब की स्थापना को उन्होंने एक सराहनीय व गुणात्मक शिक्षा की दिशा में उठाया गया कदम बताया।

महिला उद्यमिता को सशक्त बनाना मजबूत अर्थव्यवस्था के लिए जरूरी : डॉ. अंगद तिवारी

यूनिवर्सिटी के प्रो-वाइस चांसलर डॉ. अंगद तिवारी ने कहा कि महिला उद्यमिता को सशक्त बनाना एक समावेशी एवं विकसित अर्थव्यवस्था के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। ‘हर वेंचर’ जैसे सम्मेलन छात्र-छात्राओं को पारंपरिक करियर विकल्पों से आगे बढ़कर नवाचार की ओर सोचने के लिए प्रेरित करते हैं। दूसरी ओर एक्यूएमसी की स्थापना एक ऐसी पहल है, जो छात्रों को व्यावहारिक ज्ञान एवं नेतृत्व कौशल से सशक्त बनाती है। इससे वे प्रतिस्पर्धी और गुणवत्ता-आधारित व्यावसायिक वातावरण में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पाने में दक्ष बनेंगे। उन्होंने बताया कि यह क्लब यूनिवर्सिटी के सभी छात्रों के लिए खुला है, जिसमें चयन की एक सुव्यवस्थित प्रक्रिया अपनाई जाएगी। इस प्रक्रिया में ‘ स्टेटमेंट ऑफ परपस’ (एसओपी) प्रस्तुत करना भी शामिल है।

इन महिला उद्यमियों ने की शिरकत

‘हर वेंचर’ सम्मेलन में शामिल महिला उद्यमियों ने हिस्सा लिया। इनमें रिद्धि कनोडिया डूंगरसी (सह-संस्थापक, Lxme), वंदना पटेल (संस्थापक, Phoenix Engineers), निकुंज नरेडी (संस्थापक, Ahimsa Imprints), रितु रुंगटा (संस्थापक, Ritu Wellness), प्रिया गुप्ता (संस्थापक, Priya Cookery Classes) एवं तृप्ति कुमारी लाकरा (संस्थापक, Dirty Paws) शामिल थीं। सम्मेलन का संचालन डॉ. चारु वाधवा व डॉ. उर्वशी ठाकुर तथा समन्वय अंकिता अग्रवाल ने किया। सम्मेलन का समापन एक रोचक एवं संवादात्मक सत्र के साथ हुआ, जिसमें छात्रों ने उद्यमियों से सीधे प्रश्न पूछकर अपने संदेहों का समाधान प्राप्त किया।

वहीं, एक्यूएमसी का मार्गदर्शन फैकल्टी को-ऑर्डिनेटर डॉ. अश्विनी कुमार, डॉ. चारू वधवा एवं डॉ. उर्वशी ठाकुर कर रही हैं, जो छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।