शास्त्रीय नृत्य कार्यक्रम नवदुर्गा नृत्यम कदमा में 24 को
कोलकाता से आएंगी कई कलाकार
जमशेदपुर : चैत्र नवरात्रि के अवसर पर डैनफिट इंटरनेशनल द्वारा कैलिफोर्निया टेलीविजन ग्लोबल के सहयोग से आगामी 24 मार्च को ‘नवदुर्गा नृत्यम’ शीर्षक से भारतीय शास्त्रीय नृत्य बैठकी का आयोजन किया जाएगा. यह सांस्कृतिक संध्या मां दुर्गा के नौ स्वरूपों को भारतीय शास्त्रीय नृत्य की विविध विधाओं के माध्यम से भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करेगी. उक्त कार्यक्रम संस्था के कदमा स्थित कार्यालय में संध्या 6 बजे से आरंभ होगा. उक्त अवसर पर जमशेदपुर एवं पश्चिम बंगाल के कई युवा कलाकार अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से मां दुर्गा की दिव्य शक्तियों, गुणों एवं आध्यात्मिक महिमा का सजीव चित्रण करेंगे.
कार्यक्रम की प्रमुख आकर्षण के रूप में कोलकाता से आमंत्रित अतिथि कलाकारों में देवलीना लाहिरी (एकल कथक), अंशिका दास (एकल भरतनाट्यम), अद्रिजा चौधरी (एकल ओडिसी) आदि अपनी शास्त्रीय शैली की उत्कृष्ट प्रस्तुतियां देंगी. ‘नवदुर्गा नृत्यम’ का उद्देश्य भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं को सुदृढ़ मंच प्रदान करना एवं युवा पीढ़ी को अपनी समृद्ध सांस्कृतिक जड़ों से जोडऩा है. यह आयोजन नृत्य, भक्ति और आध्यात्मिकता का अद्भुत संगम प्रस्तुत करेगा. कार्यक्रम का निर्देशन नृत्य निर्देशिका मिष्टु मुखर्जी के मार्गदर्शन में किया जा रहा है, जिनके नेतृत्व में यह संध्या कला और संस्कृति का एक यादगार उत्सव सिद्ध होगी.
