अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर 701 यूनिट रक्त संग्रह
पूर्व सीएम रघुवर दास, सांसद विद्युत महतो, विधायक पूर्णिमा साहू, मीरा मुंडा समेत कई अन्य हुए शामिल
जमशेदपुर : भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर गोलमुरी स्थित केबुल वेलफेयर क्लब में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें भाजपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष दिनेश कुमार की अगुवाई में कुल 701 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया. शिविर का उद्घाटन राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने अटल बिहारी वाजपेयी जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया. मौके पर श्री दास ने कहा कि अटल जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र निर्माण, लोकतांत्रिक मूल्यों और मानव सेवा को समर्पित रहा. उनकी स्मृति में रक्तदान जैसे पुनीत आयोजन समाज के लिए प्रेरणास्रोत है. उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अटल जी के आदर्शों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं.
विशिष्ट अतिथि सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि रक्तदान जैसे आयोजन अटल जी के मानवीय दर्शन का सजीव प्रतिबिंब है. जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सेवा भाव और मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करते हैं. मौके पर पूर्व विधायक मेनका सरदार, मीरा मुंडा ने भी संबोधित किया. शिविर में पार्टी के महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा, प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले, बॉबी सिंह, देवेंद्र सिंह, चंद्रशेखर मिश्रा, रामबाबू तिवारी, विनोद सिंह, गुंजन यादव सहित अन्य मौजूद थे.
भाजपा जिला कार्यालय में लगाई गई प्रदर्शनी
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती को भाजपा जमशेदपुर महानगर ने सुशासन दिवस के रूप में मनाया. महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा के नेतृत्व में साकची स्थित जिला भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने अटल जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर एवं श्रद्धासुमन अर्पित कर नमन किया. इस अवसर पर अटल जी के व्यक्तित्व, कृतित्व, कविताओं और राष्ट्रनिर्माण में उनके योगदान पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई. कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने अटल जी के विचारों, उनके आदर्शों और सशक्त नेतृत्व को स्मरण करते हुए उनके पदचिह्नों पर चलने का संकल्प लिया. इस अवसर पर नंदजी प्रसाद, देवेंद्र सिंह, बिनोद सिंह, मिथिलेश सिंह यादव, जटाशंकर पांडेय, संजीव सिन्हा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे.
