February 25, 2026

बागुनहातु डोंगा घाट से बुधवार को निकलेगी कलश यात्रा

IMG-20260225-WA0000

सिदगोड़ा सूर्यधाम में गरुड़ स्तंभ स्थापना एवं श्री शिवलिंग के पुनस्र्थापना और प्राण प्रतिष्ठा समारोह

जमशेदपुर : सूर्यधाम सिदगोड़ा में गरुड़ स्तंभ स्थापना, श्री शिवलिंग के पुनस्र्थापना एवं प्राण प्रतिष्ठा और मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम के भव्य मंदिर स्थापना के छठवीं वर्षगांठ पर चार दिवसीय आयोजन की शुरुआत कल, बुधवार को कलश यात्रा के साथ होगी. सूर्य मंदिर समिति सिदगोड़ा के तत्वावधान में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान से पूर्व कलश यात्रा बागुनहातु के डोंगा घाट से सूर्यधाम पहुंचेगी. कलश यात्रा को भव्य एवं खास बनाने के लिए सूर्य मंदिर समिति की ओर से व्यापक तैयारी की गई है. बागुनहातु डोंगा घाट की साफ-सफाई जेएनएसी और सूर्य मंदिर समिति की ओर से की गयी है. साथ ही कलश यात्रा में हजारों माता-बहनें शामिल होंगी.
इस संबंध में मंदिर समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने बताया कि कलश यात्रा में बैंड-बाजा, भक्तिमय डीजे संगीत और भक्तिमय नारों की गूंज रहेगी. साथ ही कलश यात्रा के आगे-आगे स्वच्छ निर्मल जल का टैंकर द्वारा छिडक़ाव किया जाएगा. इसकी शुरुआत सुबह 7 बजे होगी. कलश यात्रा के लिए हजारों कलश मंगाए गए हैं. सूर्य मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं से कलश यात्रा में शामिल होकर पुण्य लाभ लेने का आग्रह किया है. कलश यात्रा की तैयारी खेमलाल चौधरी, दिनेश कुमार, शैलेश गुप्ता, कंचन दत्ता, जीवन साहू व अन्य सदस्य कर रहे हैं.