बैडमिंटन प्रतियोगिता कर चारों साहिबजादों को दी श्रद्धांजलि
साकची गुरुनानक स्कूल परिसर में फाइनल कल, अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष होंगे अतिथि
जमशेदपुर : शहीदी सप्ताह को समर्पित शहीदी बैडमिंटन ‘डबल्स’ प्रतियोगिता का आगाज गुरु नानक हाई स्कूल प्रांगण में हुआ जहां 120 खिलाडिय़ों ने टूर्नामेंट का हिस्सा बनकर चारों साहिबजादों को नमन किया. बहादर खालसा गतका ग्रुप साकची और गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, साकची के तत्वावधान में गुरुनानक उच्च विद्यालय प्रांगण में दो दिवसीय प्रतियोगिता चारों साहिबजादों बाबा अजीत सिंह, बाबा जुझार सिंह, बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह की सर्वोच्च बलिदान को समर्पित है जिसका फाइनल मुक़ाबला कल, शुक्रवार को खेला जाएगा.
आज खेले गए मुकाबलों में विभिन्न ग्रुप के खिलाडिय़ों ने अपने अपने मैच जीतने के लिए कोर्ट पर खूब पसीना बहाया. आयोजन समिति के गुरप्रीत सिंह प्रिंस ने बताया कि प्रथम दिन विभिन्न आयु वर्गों की श्रेणियों में क्रमश: सब जूनियर-17 वर्ष से कम आयु, जूनियर-18 से 22 वर्ष, सीनियर-23 से 39 वर्ष, मास्टर-40 वर्ष से ऊपर वर्गों में नॉकआउट मुकाबले देर शाम तक खेले गए. कल शुक्रवार को टूर्नामेंट के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे.
खिलाडय़िों का हौसला बढ़ाने के लिए सिख समाज के कई प्रबुद्ध लोग और खिलाडिय़ों के परिजन उपस्थित थे. साकची गुरुद्वारा साहिब के प्रधान सरदार निशान सिंह, हरजीत सिंह मोनू, सतिंदर सिंह रोमी, सतबीर सिंह गोल्डू, सन्नी सिंह बरियार, सतनाम सिंह घुमन्न, सतपाल सिंह राजू, सुखविंदर सिंह निक्कू, अजाइब सिंह, सेंट्रल नौजवान सभा के प्रधान अमरीक सिंह, प्रीतपाल सिंह, करण सिंह समेत साकची थाना प्रभारी आनंद मिश्रा ने अपनी उपस्थिति से खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन किया. गुरप्रीत सिंह प्रिंस ने बताया कि कल, 26 दिसंबर को झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष ज्योति सिंह मथारू मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे और खिलाडिय़ों को पुरस्कृत करेंगे.
