Jamshedpur Road Accident : बर्मामाइंस में कार की टक्कर से चार वर्षीय बच्चे की मौत, परिजनों किया प्रदर्शन
- खालसा स्कूल के बाहर शव रखकर किया विरोध, चालक की गिरफ्तारी की मांग
Jamshedpur/Jharkhand : शहर के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटना में एक मासूम बच्चे की मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद जब बच्चे का शव परिजनों को सौंपा गया, तो वे सीधे खालसा स्कूल के बाहर पहुंच गए और सड़क पर शव रखकर जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने दुर्घटना के लिए जिम्मेदार कार चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। इस दौरान कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा।
दादी के साथ भाई को लेने आया था बच्चा
जानकारी के अनुसार बर्मामाइंस के स्टार टॉकीज इलाके में रहने वाला करीब चार वर्षीय आरुष शनिवार को अपनी दादी के साथ खालसा स्कूल पहुंचा था। वह अपने बड़े भाई को स्कूल से लेने आया था।बताया जाता है कि स्कूल के बाहर सड़क किनारे खेलते समय अचानक एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।
इलाज के दौरान हुई मौत
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने बच्चे को उठाकर इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए तत्काल इलाज शुरू किया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद बच्चे की जान नहीं बचाई जा सकी और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया और पूरे इलाके में शोक का माहौल बन गया।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों का आक्रोश
रविवार को पोस्टमार्टम के बाद जब आरुष का शव परिजनों को सौंपा गया, तो गम और आक्रोश में परिजन सीधे खालसा स्कूल के बाहर पहुंच गए। परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क पर शव रखकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने कहा कि जब तक दुर्घटना के लिए जिम्मेदार कार चालक को गिरफ्तार नहीं किया जाएगा, तब तक वे वहां से नहीं हटेंगे।
पुलिस के आश्वासन के बाद हटा जाम
घटना की सूचना मिलते ही बर्मामाइंस थाना के पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। इसके बाद परिजन और स्थानीय लोग शांत हुए और सड़क से जाम हटा दिया गया।
इलाके में शोक और आक्रोश
इस हादसे के बाद इलाके में गम और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूल के आसपास तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण के लिए प्रशासन को सख्त कदम उठाने चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।
