भाजपा प्रत्याशी से हर बार अधिक मिले मत, इसबार भी ‘आशीर्वाद’ मिलने की उम्मीद
मानगो की समस्या के लिये बन्ना ने सरयू को ठहराया जिम्मेवार, लगाये गंभीर आरोप
जमशेदपुर : मानगो मेयर चुनाव निकट आते ही अब हर प्रत्याशी जोड़-घटाव में जुट गया है. राज्य के पूर्व मंत्री सह जमशेदपुर पश्चिम के पूर्व विधायक बन्ना गुप्ता ने भी इस आधार पर अपनी पत्नी सुधा गुप्ता की जीत के प्रति आश्वस्त दिखे. सुधा के आज नामांकन दाखिल करने के उपरांत अपने कदमा केडी फ्लैट आवास में पत्रकारों से बातचीत में बन्ना ने दावा किया कि वर्ष 2009 से 2024 तक सभी चार विधानसभा चुनाव में उन्हें मानगो नगर निगम क्षेत्र के निवासियों का आशीर्वाद वोट के लिये मिला है. यह संख्या भाजपा को मिले मत से कहीं अधिक है. हर चुनाव में सिर्फ मानगो से उन्हें 55 से 60 प्रतिशत मत मिले हैं, जबकि भाजपा प्रत्याशी (2024 के चुनाव में जदयू प्रत्याशी) को मात्र 30 से 35 प्रतिशत ही मल मिले हैं. यही आंकड़ा दोहराने का दावा करते हुए बन्ना ने इसबार भी उनकी पत्नी सुधा गुप्ता को वोट मिलने तथा जीत निश्चित होने का दावा किया.
साथ ही उन्होंने मानगो में विद्यमान सभी समस्याओं का ठिकरा वर्तमान विधायक सरयू राय के सिर पर फोड़ा. कहा कि उनकी गलत सोच के कारण मानगोवासियों का जीवन नरकीय होता जा रहा है. उनकी पत्नी की जीत होने पर सभी समस्याओं को एक-एक कर दूर किया जाएगा. कहा कि इसके पूर्व सोनारी मेरिन ड्राइव में कचरा गिराया जाता था और वहां टाटा स्टील द्वारा कंपोस्ट खाद तैयार किया जाता था, लेकिन सरयू ने टाटा स्टील को फायदा पहुंचाने के लिये वहां कचरा गिराना बंद करवा दिया, मजबूरन आज मानगो के लोग गंदगी में जीने को मजबूर हैं. जबकि पहले कचरा निष्पादन की व्यवस्था करवाते, उसके बाद इसे बंद करवाते. उनकी पत्नी सुधा गुप्ता की ओर से बन्ना ने बताया कि उनकी अगर जीत होती है तो मानगो में जो-जो समस्या है, उसे दूर करना प्राथमिकता होगी.
हर चौक-चौराहे पर कराएंगी महिला पुलिस की तैनाती
इस मौके पर मेयर प्रत्याशी सुधा गुप्ता ने कहा कि इतने दिनों में अपने पति के साथ मानगो की समस्याओं को करीब से जाना है. उनका फोकस महिला रोजगार, महिला सुरक्षा पर होगी. जीत के बाद उनका प्रयास होगा कि हर चौक-चौराहे पर महिला पुलिस की तैनाती हो, ताकि महिलाएं बिना डरे क्षेत्र में आ- जा सके.
चुनिंदा समर्थकों के साथ नामांकन करने पहुंची सुधा
मानगो नगर निगम क्षेत्र से मेयर प्रत्याशी के रूप से सुधा गुप्ता ने मंगलवार को अपना नामांकन पर्चा दाखिल किया. इसके उपरांत उन्होंने कहा कि मैंने यह रास्ता सत्ता के लिए नहीं, बल्कि मानगो की हर बेटी, मां, बहन और हर उस परिवार के लिए चुना है, जिसकी आवाज़ अक्सर अनसुनी रह जाती है. उन्होंने कहा कि यह चुनाव मेरे लिए जीत-हार का नहीं, आपके भरोसे को निभाने का संकल्प है. इस ोअवसर पर जिला पर्यवेक्षक बलजीत सिंह बेदी एवं जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह ने अधिकृत रूप से मानगो मेयर के पद हेतु सुधा गुप्ता एवं जुगसलाई अध्यक्ष पद हेतु आरती चौधरी को समर्थन देने के संबंध में घोषणा की.
मौके पर बलजीत सिंह बेदी, परविंदर सिंह, अशोक चौधरी, रामाश्रय प्रसाद, रविन्द्र कुमार झा, डॉ मोहम्मद जकारिया, भगवान सिंह, डेविड पीटर, बिजय यादव, संजीव श्रीवास्तव सहित पार्टी के कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे. दूसरी ओर जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र से चेयरमैन पद हेतु आरती चौधरी ने एसओआर के समक्ष पर्चा दाखिल किया. इस अवसर पर के के शुक्ला, ज्योति मिश्र, चिन्ना राव, राजेश चौधरी, नवनीत मिश्र, संतोष सिन्हा, नलिनी सिन्हा आदि मौजूद थे.
