भाजपाइयों ने अटल जी के आदर्शों और कार्यों को किया याद
पूर्वी व पश्चिम विधानसभा में अटल स्मृति सम्मेलन, कार्यकर्ताओं ने लिया उनके जीवन आदर्शों पर चलने का संकल्प
सम्मेलन को पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ रविन्द्र राय, सांसद विद्युत महतो, विधायक पूर्णिमा साहू समेत कई नेताओं ने किया संबोधित
जमशेदपुर : पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारतरत्न अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में मंगलवार को भाजपा ने पश्चिमी व पूर्वी विधानसभा में ‘अटल स्मृति सम्मेलन’ का आयोजन किया. इस दौरान वक्ताओं ने श्री वाजपेयी के राष्ट्र निर्माण में योगदान व उनके सुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों पर प्रकाश डाला. पश्चिमी विधानसभा का आयोजन साकची स्टील हाउस में हुआ, जिसमें पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ रविन्द्र राय, सांसद विद्युत वरण महतो, भाजपा प्रदेश मंत्री गणेश मिश्रा, प्रदेश मंत्री नंदजी प्रसाद, पूर्व सांसद आभा महतो शामिल हुए. वहीं जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा का आयोजन सिदगोड़ा सोन मंडप सभागार में हुआ. इस दौरान डॉ रविन्द्र राय, विधायक पूर्णिमा साहू, प्रदेश प्रवक्ता जेबी तुबिद व अमरप्रीत सिंह काले आदि शामिल रहे.
इस दौरान डॉ रविन्द्र राय ने कहा कि श्री वाजपेयी ऐसे नेता थे, जो अनुकूल और प्रतिकूल, दोनों ही परिस्थितियों में समर्थकों के साथ विरोधियों के बीच समान रूप से लोकप्रिय रहे. इसका मूल कारण उनका शालीन आचरण, विनम्र व्यक्तित्व और गांव-गरीब-किसानों से उनका आत्मीय जुड़ाव था. कहा कि श्री वाजपेयी की सादगी ही उनकी सबसे बड़ी ताकत थी. पश्चिम विधानसभा के कार्यक्रम में पूर्व सांसद आभा महतो, पूर्व जिलाध्यक्ष बिनोद सिंह, राजकुमार श्रीवास्तव, मनोज सिंह, जटाशंकर पांडेय, अनिल सिंह, डॉ. राजीव, योगेश मल्होत्रा, नीरज सिंह सहित अन्य मौजूूद थे. अतिथियों का स्वागत संजीव सिन्हा, मंच संचालन राजीव सिंह एवं धन्यवाद ज्ञापन साकची पश्चिम मंडल अध्यक्ष रंजीत सिंह ने किया. वहीं पूर्वी विस के कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर मिश्रा, रामबाबू तिवारी, गुंजन यादव, मिथिलेश सिंह यादव, कल्याणी शरण, कुलवंत सिंह बंटी, अनिल सिंह सहित अन्य मौजूद थे. अतिथियों का स्वागत संजीव सिंह, मंच संचालन गुंजन यादव एवं धन्यवाद ज्ञापन बारीडीह मंडल अध्यक्ष कुमार अभिषेक ने किया.
अटल जी के नेतृत्व में देश ने देखा विकास का नया मार्ग
विधायक पूर्णिमा ने कहा कि ने अटल जी हर भारतीय के दिल में बसनेवाले राष्ट्रपुरुष थे. उनका पूरा जीवन राष्ट्रसेवा, त्याग और सिद्धांतों को समर्पित रहा. उनके नेतृत्व में देश ने विकास और विश्वास दोनों का नया मार्ग देखा. झारखंड राज्य का गठन अटल जी की दूरदर्शिता और जनभावनाओं के प्रति उनकी संवेदनशीलता का अद्भुत उदाहरण है.
भाजपाई व देशवासियों के लिये आज भी प्रेरणास्रोत
प्रदेश मंत्री गणेश मिश्रा ने कहा कि अटल जी के विचार आज भी भाजपा की आत्मा है. राष्ट्रवाद, सुशासन और सेवा भाव की राजनीति का जो संस्कार उन्होंने भाजपा को दिया, वही आज करोड़ों कार्यकर्ताओं की प्रेरणा है. अटल जी का जीवन आज भी भाजपा कार्यकर्ताओं और देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं.
जनजातीय मामलों के मंत्रालय बनाना उन्हीं की देन
प्रदेश प्रवक्ता जेबी तुबिद ने कहा कि अपने प्रधानमंत्रित्व काल में श्री वाजपेयी ने जनजातीय मामलों के मंत्रालय की स्थापना कर आदिवासी समाज के अधिकारों, कल्याण और समग्र विकास को राष्ट्रीय प्राथमिकता के केंद्र में रखा. उनकी दूरदृष्टि और दृढ़ संकल्प का ही परिणाम था कि छत्तीसगढ़, उत्तराखंड और झारखंड जैसे तीन नए राज्यों का गठन हुआ.
