March 17, 2026

भडक़ाऊ-संदिग्ध पोस्ट को न करें फॉरवर्ड, सभी धर्मों का करें सम्मान

IMG-20260316-WA0010

उपायुक्त सहित ग्रामीण व सिटी एसपी की मौजूदगी में शांति समिति की बैठक, दिये गये दिशा-निर्देश

जमशेदपुर : आगामी ईद, सरहुल, हिन्दू नववर्ष एवं रामनवमी पर्व के शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में नगर भवन में जिलास्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में आयोजन समिति के प्रतिनिधियों, प्रशासनिक पदाधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया. इस दौरान त्योहारों के अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए मूलभूत नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने से संबंधित मांगें एवं सुझाव प्रस्तुत किए गए, जिस पर प्रशासन द्वारा आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया.
उपायुक्त ने कहा कि आपसी भाईचारा एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखते हुए पर्व मनाएं. वैसे भी शहर में सभी धर्म के लोगों का पूर्व में शान्तिपूवर्क त्यौहार मनाने का इतिहास रहा है. सभी लोग धार्मिक सौहार्द के साथ आपसी भाईचारा तथा एक दूसरे की भावना का सम्मान करते पर्व मनाने की अपील की.
उन्होंने लोगों से सुझाव दिया कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें. कोई भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें. सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें. सतर्क रहें, भडक़ाउ एवं संदिग्ध पोस्ट को जाने अनजाने फॉरर्वड न करें. सभी धर्मों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करें एवं जुलूसों को संयमित एवं व्यवस्थित रखने हेतु वोलेंटियर की सहायता लें. बैठक में प्रशासन एवं पुलिस विभाग के वरीय पदाधिकारी सहित विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे.
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ऋषभ गर्ग ने आयोजको को संयमित एवं स्वनियंत्रित तरीके से शोभायात्रा निकालने, पारंपरिक वाद्य यंत्रों के उपयोग को प्रोत्साहित करने, निर्धारित रूट एवं समय का पालन करने तथा विधि व्यवस्था बनाये रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की. पुलिस अधीक्षक सिटी कुमार शिवाशीष ने कहा कि पर्याप्त संख्या में पुलिस की तैनाती रहेगी, असमाजिक तत्वों पर पुलिस की निगरानी की जाएगी. नशा कर जुलुस में शामिल होने को रोका जाय, साम्प्रादायिक माहौल बिगाडऩेवाले पर प्रशासन सख्ती से निपटेगा.