February 11, 2026

बिष्टुपुर आंध्रभक्त श्री राम मंदिरम में मनी बैकुंठ एकादशी

IMG-20251230-WA0005

गरुड़ वाहन पर विराजमान होकर बालाजी का भ्रमण, उत्तर द्वार से भक्तों ने किये दर्शन

जमशेदपुर : बिष्टुपुर के आंध्रभक्त श्री राम मंदिरम में आज वैकुंठ एकादशी का पर्व श्रद्धा के साथ मनाया गया. सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं, जो भगवान बालाजी (श्री वेंकटेश्वर) के दर्शन के लिए उत्सुक थे. मंदिर कमेटी के अध्यक्ष बीडी गोपाल कृष्णा एवं महासचिव एस दुर्गा प्रसाद शर्मा सहित सभी पदाधिकारी उपस्थित रहे और आयोजन की व्यवस्था संभाली. इसकी शुरुआत सुबह 6 बजे सुप्रभातम सेवा से हुई, जिसे पंडित कोंडमाचारुलु जी ने संपन्न किया. इसके बाद सुबह 8 बजे पंडित जी द्वारा भगवान बालाजी का विशेष अभिषेकम किया गया, जिसमें पुष्प और पंचामृत से भगवान को स्नान कराया गया. शाम 6 बजे भगवान बालाजी के विग्रह को गरुड़ वाहन पर विराजमान कर बैकुंठ के सात द्वारों से होते हुए मंदिर परिसर में भ्रमण कराया गया.
भगवान बालाजी के दर्शन के लिए भक्तों को विशेष रूप से उत्तर द्वार से दर्शन का अवसर प्रदान किया गया. आगे-आगे कोलाटम नृत्य महिलाओं के द्वारा किया जा रहा था और जिसने वातावरण को भक्तिमय बना दिया. आज संकीर्तन कार्यक्रम सुबह 8 बजे शुरू हुआ और यह कल सुबह 8 बजे तक लगातार चलेगा. आंध्रभक्त श्री राम मंदिरम में इस पर्व की परंपरा वर्षों से चली आ रही है, जहां तिरुपति बालाजी की तरह विशेष अभिषेक, गरुड़ वाहन भ्रमण एवं वैकुंठ द्वार दर्शन की व्यवस्था की जाती है. भक्तों ने इस अवसर पर भगवान बालाजी से सुख-समृद्धि एवं मोक्ष की कामना की.