बर्मामाइंस : कंपनी अधिकारियों को झेलना पड़ा विरोध
दुर्गापूजा मैदान को लेकर कंपनी-बस्तीवासियों में रस्सा-कस्सी
जमशेदपुर : बर्मामाइंस क्षेत्र में स्थानीय लोग लंबे समय से धूल प्रदूषण, लगातार होनेवाले सडक़ जाम और बढ़ती सडक़ दुर्घटनाओं की समस्याओं से परेशान हैं. इन गंभीर समस्याओं के समाधान की बजाय टाटा स्टील प्रबंधन द्वारा बर्मामाइंस दुर्गापूजा मैदान में भारी वाहनों की पार्किंग बनाए जाने की साजिश से लोगों में भारी आक्रोश है. आज एक बार फिर टाटा स्टील के पदाधिकारी एवं उनके साथ आए लोगों ने दुर्गापूजा मैदान में बड़ी गाडिय़ों को पार्क करने का प्रयास किया. इस प्रयास का बस्ती बचाओ संघर्ष समिति के सदस्यों एवं स्थानीय निवासियों ने जोरदार विरोध किया.
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि दुर्गापूजा मैदान क्षेत्र की सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान है, जिसे किसी भी सूरत में व्यावसायिक पार्किंग स्थल में तब्दील नहीं होने दिया जाएगा. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की कि बर्मामाइंस की मूलभूत समस्याओं धूल प्रदूषण, ट्रैफिक जाम और सडक़ सुरक्षा—पर तत्काल ध्यान दिया जाए. विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से रामबाबू तिवारी, सतबीर सिंह, रितेश झा, दीपक झा, शशि सिंह, सौरव श्रीवास्तव, भोला सिंह, अनिल सिंह, गुड्डू सिंह सहित सैकड़ों बस्तीवासी उपस्थित रहे.
