Chaibasa Fire : चाईबासा के न्यू कॉलोनी टुंगरी में लगी आग, अफरा-तफरी
Chaibasa New Colony Tungri Fire
Chaibasa/Jharkhand : पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत न्यू कॉलोनी टुंगरी स्थित डॉ. ओम कुमारी नर्सिंग होम के पास शुक्रवार देर रात अचानक आग लग गई। इससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि समय पर दमकल की टीम पहुंच गई। इससे बड़ी घटना टल गई।
जानकारी के अनुसार, आग लगने के कारणों का अब तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। आग की चपेट में वहां रखा एक सीमेंट मिक्सर मशीन भी आ गया, जो पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। देर रात अचानक उठती तेज लपटों को देखकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई, क्योंकि यह घनी आबादी वाला आवासीय इलाका है।
घटना की जानकारी स्थानीय लोगों ने समाजसेवी त्रिशानु राय को दी। सूचना मिलते ही उन्होंने एहतियातन पश्चिमी सिंहभूम के फायर ऑफिसर को फोन कर आग लगने की जानकारी दी और तत्काल दमकल भेजने का अनुरोध किया।
इसके बाद चाईबासा अग्निशमन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। घटनास्थल पर सूखे पत्तों का ढेर होने के कारण आग तेजी से फैल रही थी, जिससे दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
कड़ी मेहनत के बाद दमकल की टीम ने आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और समय रहते आग बुझा दिए जाने से आसपास के घरों तक आग फैलने से रोक लिया गया।
