March 24, 2026

छात्रों को आकाशीय पिंडों के अध्ययन से कराया परिचय

IMG-20260204-WA0000

करीम सिटी कॉलेज में “खगोलीय एवं मौसमीय प्रेक्षण” विषय पर वेबिनार

जमशेदपुर : करीम सिटी कॉलेज के भूगोल विभाग द्वारा वार्षिक कार्यशाला के अवसर पर “खगोलीय एवं मौसमीय प्रेक्षण” विषय पर वेबिनार व्याख्यान का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य छात्रों को आकाशीय पिंडों के अध्ययन (खगोल विज्ञान) तथा मौसम एवं जलवायु प्रेक्षण की वैज्ञानिक विधियों से परिचित कराना था. वेबिनार का शुभारंभ भूगोल विभाग के विभागाध्यक्ष
डॉ. आले अली के परिचयात्मक भाषण से हुआ. उन्होंने कार्यशाला की पृष्ठभूमि, उद्देश्य तथा इस विषय की शैक्षणिक और व्यावहारिक प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खगोलीय प्रेक्षण के माध्यम से पृथ्वी-सूर्य-चंद्रमा के पारस्परिक संबंध, ऋतु परिवर्तन एवं दिन-रात की अवधि को वैज्ञानिक रूप से समझा जा सकता है.
इसके पश्चात कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मोहम्मद रेयाज ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया. उन्होंने कहा कि इस प्रकार के विषय-आधारित शैक्षणिक वेबिनार विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान से आगे बढ़कर व्यावहारिक एवं अनुप्रयुक्त भूगोल की समझ प्रदान करते हैं. उन्होंने भूगोल विभाग के शैक्षणिक प्रयासों की प्रशंसा की. उन्होंने विद्यार्थियों को क्षेत्रीय प्रेक्षण और उपकरणों के प्रयोग पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया. कार्यक्रम के मुख्य वक्ता विकाश कुमार मिश्रा, उपाध्यक्ष,
इंटेंट टू सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड ने अपने व्याख्यान में आधुनिक खगोलीय एवं मौसमीय प्रेक्षण तकनीकों, मौसम पूर्वानुमान, डेटा संग्रह, विश्लेषण तथा इनके भूगोल, पर्यावरण और समाज पर प्रभाव को सरल एवं वैज्ञानिक तरीके से प्रस्तुत किया.
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि खगोलीय प्रेक्षण के बिना पृथ्वी की घूर्णन एवं परिक्रमण गति, सौर विकिरण की मात्रा तथा ऋतु परिवर्तन को समझना संभव नहीं है. साथ ही मौसमीय आँकड़ों का विश्लेषण कृषि नियोजन, आपदा पूर्व चेतावनी, पर्यावरणीय अध्ययन एवं शहरी प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. उन्होंने विद्यार्थियों को डेटा विश्लेषण, तकनीकी कौशल एवं क्षेत्र-आधारित प्रेक्षण पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी और बताया कि भूगोल के छात्रों के लिए मौसम विज्ञान और खगोल से संबंधित क्षेत्रों में भविष्य की व्यापक संभावनाएँ उपलब्ध है. उनका व्याख्यान छात्रों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक रहा.
इसके उपरांत प्रश्न-उत्तर सत्र का आयोजन किया गया, जिसका समन्वयन डॉ. फरजाना अंजुम एवं डॉ. पसारुल इस्लाम द्वारा किया गया. छात्रों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का उत्तर मुख्य वक्ता द्वारा स्पष्ट एवं संतोषजनक रूप से दिया गया. कार्यक्रम के अंत में डॉ. एनायत बानो ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए मुख्य वक्ता, प्राचार्य महोदय, सभी शिक्षकों, प्रतिभागियों तथा आयोजन से जुड़े सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया.