March 16, 2026

दौड़ के साथ-साथ बाल सुरक्षा के प्रति जागरुक भी हुए बच्चे

IMG-20260315-WA0010

मिनी माइल्स मैराथन में 180 बच्चे शामिल

जमशेदपुर : रविवार को शहर के लगभग 180 बच्चों ने ‘मिनी माइल्स मैराथन’ में भाग लिया, जिसका आयोजन ‘प्रोजेक्ट मासूम’ के तहत बाल सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से किया गया. कार्यक्रम में टाटा स्टील यूआईएसएल के प्रबंध निदेशक अतुल भटनागर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. उनके साथ सुरभि भटनागर भी मौजूद रहीं. उनकी उपस्थिति ने इस पहल को और प्रोत्साहन दिया, जिसका उद्देश्य बच्चों को व्यक्तिगत सुरक्षा और जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक करना था.
यह मैराथन केवल दौड़ तक सीमित नहीं थी, बल्कि इसके माध्यम से बच्चों को महत्वपूर्ण सुरक्षा संदेश भी दिए गए. इंटरएक्टिव सत्रों के जरिए बच्चों को सुरक्षित और असुरक्षित स्पर्श, अपनी बात खुलकर कहने की महत्ता तथा डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के उपायों के बारे में बताया गया. कार्यक्रम के तहत बच्चों को सरल लेकिन प्रभावी ‘मैजिक मंत्र’ नो गो टेल से परिचित कराना था, जिसके माध्यम से उन्हें सिखाया गया कि किसी भी असुरक्षित स्थिति में ना कहें, वहां से दूर जाएं और किसी विश्वसनीय बड़े व्यक्ति को तुरंत बताएं. बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 के बारे में भी जानकारी दी गई. यंग इंडियंस (वाईआई) के सदस्यों ने इस कार्यक्रम के आयोजन और संचालन में सक्रिय भूमिका निभाई.