देश के पांच राज्यों में ‘चुनावी डुगडुगी’ का ऐलान आज!
● निर्वाचन आयोग ने बुलाई प्रेस कांफ्रेंस
नई दिल्ली : देश के 5 राज्यों में इसी वर्ष होनेवाले विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी पारा हाई है और अब सबकी नजरें चुनाव आयोग पर है. चुनाव आयोग पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल व पुदुच्चेरी आदि 5 राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों की तारीखों का आधिकारिक ऐलान आज कर सकता है. शाम 4 बजे के प्रेस कॉन्फ्रेंस चुनाव आयोग करेगा, इसमें चुनाव आयोग इन 5 राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव का पूरा कार्यक्रम जारी किया जा सकता है. मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में चुनाव आयोग की टीम ने सभी राज्यो में जाकर चुनाव की तैयारियों का जायजा ले लिया है. चुनाव आयोग की टीम सबसे पहले असम पहुंची थी और सबसे आखिरी में पश्चिम बंगाल. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार चुनाव आयोग 5 राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव में सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षा कार्यक्रम और मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए चरणबद्ध तरीके से चुनाव कराने की योजना में है. खासकर पश्चिम बंगाल जैसे राज्य में जहां बड़ी आबादी, संवेदनशील क्षेत्र और सुरक्षा कारणों को देखते हुए बहु-चरणीय मतदान की तैयारी की गई है. पांच राज्यों में होनेवाले विधानसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु पर पूरे देश की नजरें टिकी हुई हैं. जहां सत्तारूढ़ टीएमसी और डीएमके से बीजेपी के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है. वहीं केरल और असम में भी सत्ता को लेकर राजनीतिक दलों के बीच जोरदार चुनावी जंग होने की उम्मीद है.
● कब खत्म हो रहा है कार्यकाल
चुनाव आयोग के मुताबिक पश्चिम बंगाल विधानसभा का कार्यकाल का 7 मई, तमिलनाडु का 10 मई, असम विधानसभा का कार्यकाल 20 मई, केरल का 23 मई और पुडुचेरी का 15 जून को खत्म हो रहा है. यानी 7 मई से पहले-पहले पांचों राज्यों में चुनाव खत्म हो सकते हैं.
