डीलरों पर कार्रवाई होने पर कार्डधारियों को नजदीकी राशन दुकान से करें टैग
विधानसभा की सामान्य प्रयोजन समिति पहुंची शहर, बैठक कर योजनाओं की वस्तुस्थिति पर की चर्चा
जमशेदपुर : झारखंड विधानसभा की सामान्य प्रयोजन समिति ने बुधवार को जिले का दौरा किया. इस अवसर पर समिति ने परिसदन में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर जिले में संचालित जन-कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की. बैठक की अध्यक्षता समिति के सभापति सत्येंद्र नाथ तिवारी ने की. इस दौरान समिति के सदस्य मंगल कालिंदी एवं रोशन लाल चौधरी भी मौजूद रहे.
बैठक के दौरान समिति ने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की वर्तमान स्थिति एवं यांत्रिकी विभागों के माध्यम से आधारभूत संरचनाओं के संबंध में योजनाओं की पूर्णता अपूर्णता एवं उपयोगिता के संबंध में चर्चा की.
किसानों की आय वृद्धि एवं उन्नत खेती हेतु वैज्ञानिक तकनीक से जोड़ते हुए सरकार की कल्याणकारी योजनाओ से जोडऩे का निर्देश दिया. कहा कि राशन डीलर पर कार्रवाई की स्थिति में कार्डधारियों को नजदीकी राशन दुकान से टैग कर पूरा राशन दिलाने की व्यवस्था कराएं. इसके अलावे पैक्स के माध्यम से की गई धान अधिप्राप्ति के भुगतान में तेजी लाने एवं निबंधित किसानों से धान खरीद की प्रक्रिया सुचारू करने हेतु जिला आपूर्ति पदाधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए गए. विद्यार्थियों को मिलनेवाली छात्रवृति के संबंध में विभाग को अधियाचना प्रेषित कर समय पर छात्रवृति वितरण करने का निर्देश कल्याण पदाधिकारी को दिया गया. खनन विभाग को अवैध खनन गतिविधियों पर रोक लगाने हेतु आवश्यक उपायों, ठोस कार्रवाई एवं निगरानी बढ़ाने को कहा गया. प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को औद्योगिक इकाई द्वारा नदी नालों में प्रदूषित पानी एवं केमिकल छोड़े जाने के मामले में तुरंत कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया.
पारदर्शिता के साथ कार्य करें अधिकारी : सभापति
समिति के सभापति सत्येंद्र नाथ तिवारी ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है. निर्देश दिया कि पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए जनहित में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाय. बैठक में उपरोक्त के अलावे डीडीसी नागेन्द्र पासवान, उप नगर आयुक्त जेएनएसी कृष्णा कुमार, डीटीओ धनंजय, एडीसी संतोष गर्ग, एडीएम राहुल जी आनंद जी, कल्याण पदाधिकारी शंकराचार्य समद, डीसीएलआर सचिदानंद महतो सहित अन्य मौजूद थे.

