धूमधाम से मनाई होली, पकवानों का उठाया आनंद
मानगो के विवेकानंद इंटरनेशनल स्कूल में भव्य आयोजन
जमशेदपुर : मानगो स्थित विवेकानंद इंटरनेशनल स्कूल में रंगों का उत्सव होली धूमधाम से मनाया गया जिसमें शिक्षक शिक्षिकाओं, अभिभावकों तथा प्रतिष्ठित अतिथियों ने मिलजुल कर फूलों एवं गुलाल से होली खेली. साथ ही होली के पकवानों का भी आनंद उठाया. इस स्कूल में मनाई जाने वाली होली इसलिए भी विशेष है कि इसमें सभी संप्रदाय के लोग शामिल होते हैं और होली के भाईचारे के संदेश को असली रूप देते हैं.
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में चंदन कुमार (आजादनगर थाना प्रभारी) तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में बिनंद रवि दास (वार्ड सदस्य) तथा मुख्तार आलम खान (सचिव, आजादनगर शांति समिति) उपस्थित थे. सामाजिक कार्यकर्ता नादिर खान, शांति समिति के सदस्य मोइनुद्दीन अंसारी व राजू गोराई सहित आईटीआई निदेशक ताहिर हुसैन विशेष रूप से तथा अन्य कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे. अतिथियों का स्वागत स्कूल की प्रिंसिपल डॉ निधि श्रीवास्तव ने किया तथा होली त्यौहार की विशेषता पर प्रकाश डाला. मुख्य अतिथि ने स्कूल के सांप्रदायिक सौहार्द्र में योगदान की प्रशंसा की, वहीं मुख्तार आलम खान और बिनंद रविदास ने उपस्थित लोगों को होली की शुभकामनाएं दी. कार्यक्रम का संचालन और धन्यवाद ज्ञापन शाहनवाज खान ने किया.
