March 28, 2026

डहरे टुसु परब में दिखी झारखंडी संस्कृति की झलक

IMG-20260104-WA0013

● पारंपरिक वेशभूषा में झूमते हुए डिमना से साकची आमबगान मैदान तक पहुचे लोग

hemkund-public-school

जमशेदपुर : पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शाहस्र में आयोजित ‘डहरे टुसु परब’ ने जनसहभागिता, सांस्कृतिक चेतना और अनुशासन का एक ऐतिहासिक और प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया. मानगो डिमना से साकची आमबगान मैदान तक निकले डहरे टुसु में हजारों की संख्या में लोगों की सहभागिता के साथ यह आयोजन लगातार चौथे वर्ष पूर्णतः शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और पारंपरिक गरिमा के साथ संपन्न हुआ. डहर क्षेत्र की धरती पर यह पर्व केवल उत्सव नहीं, बल्कि लोकसंस्कृति की सामूहिक घोषणा बनकर उभरा.
मौसम की प्रतिकूलता के बावजूद सांस्कृतिक यात्रा के उत्साह में कोई कमी नहीं आई. मौसम खराब होने के कारण यात्रा अपराह्न 1 बजे डिमना से प्रारंभ हुई और शाम लगभग 6 बजे साकची आमबागान मैदान पहुँची. पूरे मार्ग में ढोल, धमसा और मांदर की गूंजती थापों पर नाचते-गाते लोगों ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि परिस्थितियाँ चाहे जैसी हों, संस्कृति का संकल्प अडिग रहता है.
पारंपरिक वाद्य यंत्रों की लय पर थिरकते कदमों और गूंजते टुसु गीतों ने पूरे जमशेदपुर को झंकृत कर दिया. हर ओर पीले रंग की सांस्कृतिक आभा दिखाई दी और टुसु गीतों ने लोगों के मन को गहराई तक छू लिया. यह दृश्य लोकपरंपरा, सामूहिकता और सांस्कृतिक गर्व का जीवंत चित्र बन गया. इस आयोजन में महिलाओं की भागीदारी अत्यंत प्रेरणादायक और निर्णायक रही. पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं ने गीत-नृत्य के माध्यम से यह साबित कर दिया कि संस्कृति को आगे बढ़ाने, सहेजने और आनेवाली पीढ़ियों तक पहुँचाने की असली शक्ति उन्हीं के हाथों में है. उनकी सक्रिय उपस्थिति ने आयोजन को नई ऊर्जा और दिशा दी. यात्रा मार्ग के दौरान डिमना, संकोसाई, मानगो, पुराना कोर्ट एवं आमबागान क्षेत्रों में स्थानीय नागरिकों एवं समाजसेवियों द्वारा चना, पानी, चाय, खिचड़ी तथा मुड़ी-घुगनी की व्यवस्था की. यह पूरी व्यवस्था जनसहयोग और सेवा-भावना से प्रेरित रही, जिसने सामाजिक एकता, भाईचारे और सामूहिक जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया. आयोजन से जुड़े दीपक रंजीत ने कहा कि डहरे टुसु परब हमारी सांस्कृतिक पहचान, हमारे संघर्ष और हमारी निरंतरता का प्रतीक है. मौसम हो या परिस्थिति, कोई भी बाधा हमें अपनी परंपरा से अलग नहीं कर सकती. उन्होंने इस सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं सभी संबंधित विभागों के प्रति आभार जताया.

You may have missed