दलमा व दोमुहानी टीम ने जीते अपने अपने मैच
कीनन स्टेडियम में मीडिया कप टूर्नामेंट, फाइनल बुधवार को
जमशेदपुर : प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर की ओर से स्थानीय कीनन स्टेडियम में चल रहे मीडिया कप टूर्नामेंट में रविवार को भी दो मैच खेले गये. इस रोमांचक मुकाबले में पहले मैच में दलमा इलेवन ने जुबिली इलेवन को 14 रनों से हरा दिया. पहले बल्लेबाजी करते हुए दलमा इलेवन ने 2 विकेट पर 150 रन बनाए. बुलंद इकबाल ने 43 गेंदों पर 66 रन और अमित केसरी ने 18 गेंदों पर 32 रनों की तेज पारी खेली. जवाब में जुबिली इलेवन 15 ओवर में 136 रन ही बना सकी. चाणक्य ने 37 गेंदों पर 50 और कुंवर हेंब्रम ने 29 रन बनाए, लेकिन टीम लक्ष्य से पीछे रह गई. बुलंद इकबाल को मैन ऑफ द मैच चुना गया.
दूसरे मुकाबले में दोमुहानी ने कालीमाटी इलेवन को 9 विकेट से हराया. कालीमाटी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट पर 109 रन बनाए. रत्नेश तिवारी (33) और रोहित सिंह (32) ने उपयोगी पारियां खेली. लक्ष्य का पीछा करते हुए दोमुहानी ने आक्रामक शुरुआत की. शुभदर्शी ने 28 गेंदों पर 50 रन और आशुतोष ने 38 रन बनाकर टीम को आसान जीत दिलाई. शुभदर्शी को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया. ज्ञात हो कि टूर्नामेंट के तहत मंगलवार को सेमिफाइनल के दौ मैच व बुधवार को फाइनल खेला जाएगा.
