February 11, 2026

एबीआर पब्लिक स्कूल के विद्यार्थी 2 फरवरी को मिलेंगे राष्ट्रपति से

IMG-20260129-WA0012

जमशेदपुर : मानगो पारडीह स्थित अघोरेश्वर भगवान राम (एबीआर) पब्लिक स्कूल द्वारा वंचित वर्ग के बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु एक प्रेरणादायी पहल की जा रही है. विद्यालय के चयनित विद्यार्थी आगामी 2 फरवरी को शैक्षणिक भ्रमण पर दिल्ली रवाना होंगे तथा 3 फरवरी की रात्रि में वापसी करेंगे.
इस विशेष शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलने का अवसर प्राप्त होगा. इसके अतिरिक्त बच्चों को दिल्ली के प्रमुख ऐतिहासिक, शैक्षणिक एवं राष्ट्रीय महत्व के स्थलों का भी भ्रमण कराया जाएगा. इस यात्रा का उद्देश्य विद्यार्थियों में देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, इतिहास एवं सांस्कृतिक विरासत के प्रति जागरूकता एवं आत्मविश्वास का विकास करना है. दिल्ली जानेवालों में अदिति पांडेय (शिक्षिका) के अलावा विद्यार्थियों में उर्मी मुर्मू, पल्लवी कुमारी नाग, अम्बालिका महतो, शुभम मिश्रा व प्रियांशु दास के नाम शामिल है.
इस कार्यक्रम के सफल आयोजन में राउंड टेबल इंडिया का सहयोग प्राप्त हो रहा है. उल्लेखनीय है कि ए.बी.आर. पब्लिक स्कूल, श्री सर्वेश्वरी समूह, अवधूत भगवान राम कुष्ठ सेवा आश्रम, पड़ाव, वाराणसी (उत्तर प्रदेश) के अधीन संचालित है. यह संस्था विश्व में सर्वाधिक कुष्ठ रोगियों को स्वास्थ्य लाभ प्रदान करने के लिए गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड एवं लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में सम्मानित हो चुकी है. साथ ही संस्था को सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक क्षेत्र में पंडित रविशंकर शुक्ल सम्मान सहित अनेक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त हुए हैं. देशभर में संस्था की सैकड़ों शाखाएँ सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं.
विद्यालय में वर्तमान में सिमडेगा जिले के पाँच आदिवासी विद्यार्थी निःशुल्क शिक्षा, आवास, भोजन एवं वस्त्र की सुविधा के साथ अध्ययनरत हैं. विद्यालय द्वारा सभी वर्गों के बच्चों को लाभ-रहित शुल्क पर आधुनिक, कंप्यूटर एवं स्मार्ट क्लास आधारित गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है.