एग्रिको सिग्नल के समीप युवक पर चापड़ से जानलेवा हमला, हालत गंभीर
सर्च न्यूज : सच के साथ
सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के एग्रिको सिग्नल पर शुक्रवार को एक युवक पर जानलेवा हमला हुआ। गोलमुरी गाढ़ा बासा निवासी चंदन कुमार सड़क किनारे मोमोज खा रहे थे, तभी बाइक पर सवार कुछ युवकों ने एक अन्य युवक को जबरन उठाने की कोशिश की। चंदन ने इसका विरोध किया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझाया, लेकिन कुछ ही देर बाद 10-12 युवकों ने चंदन पर हमला कर दिया। हमलावरों में से एक ने चापड़ से चंदन के दाहिने हाथ पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। चंदन को टीएमएच में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालकर हमलावरों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
