एमजीएम के अधिकारियों से वस्तुस्थिति की लेंगे जानकारी
मानगो गोकुलनगर के जीत महतो की पुलिस हिरासत में मौत का मामला
जमशेदपुर : विधायक सरयू राय ने शनिवार को मानगो गोकुलनगर जाकर पुलिस हिरासत में मारे गये जीत महतो की मां और परिवारजनों सेे भेंट की तथा गोकुलनगरवासियों के साथ इस मामले में चर्चा की. सरयू ने कहा कि जीत के परिवार को न्याय दिलाने के लिए वे हरसंभव प्रयास करेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि सांसद विद्युत वरण महतो और पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा से भी इस विषय में उनकी बातचीत हुई है. हम सभी मिलकर इस विषय में मृतक के परिवार के पक्ष में खड़ा होंगे तथा इस मामले में दोषी पाये जानेवालों पर कार्रवाई हो इसकी व्यवस्था कराएंगे. उन्होंने कहा कि यह एक गंभीर विषय है.
सरयू ने कहा कि इस मामले के उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों को चिन्हित किया जाना चाहिए. वे एमजीएम अस्पताल के अधिकारियों से संपर्क कर वस्तुस्थिति की जानकारी प्राप्त करेंगे और पुलिस के वरीय अधिकारियों से वार्ता कर पीडि़त पक्ष को न्याय दिलाने का प्रयास करेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले में उपायुक्त और वरीय पुलिस अधिकारियों से भी वार्ता करेंगे और जांचोपरांत इस मामले का पूर्ण समाधान हो यह प्रयास करेंगे. मौके पर उनके साथ भाजपा उलीडीह मंडल के अध्यक्ष रविन्द्र सिंह सिसोदिया, संजीव मुखर्जी, मृत्यंजय सिंह सहित अन्य मौजूद थे.
