एमजीएम में उत्पाद विभाग की छापेमारी, अवैध शराब जब्त
कई बोतल शराब सहित बनाने में प्रयोग होनेवाले सामग्री भी बरामद
जमशेदपुर : आगामी होली पर्व के मद्देनजर गैरकानूनी तरीके से शराब की बिक्री व जमाखोरी पर उत्पाद विभाग द्वारा कार्रवाई की गई. उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देश पर सहायक आयुक्त उत्पाद की छापेमारी टीम ने अवैध मदिरा के विनिर्माण, भंडारण तथा बिक्री के विरुद्ध गुप्त सूचना के आधार पर सोमवार को एमजीएम थाना अन्तर्गत अवध डेंटल कॉलेज के सटे बने ऊंचे चहारदीवारीयुक्त राजेश कुमार शर्मा के मकान परिसर पर छापेमारी कर परिसर में चल रहे अवैध विदेशी शराब विनिर्माण केंद्र का उद्भेदन किया.
छापेमारी में विदेशी शराब को तैयार करने एवं उसे बोतलबंद करने हेतु आवश्यक सभी सामग्री जैसे स्पिरिट, तैयार तरल रंगीन शराब, भारी मात्रा में विभिन्न ब्रांडों का खाली बोतल, भारी मात्रा में ढक्कन व बोतल सीलबन्द करने हेतु कॉर्क, बोतलों पर चस्पा किये जानेवाला विभिन्न ब्रांडों का लेबल, नकली उत्पाद आसंजक, शराब को रंग व फ्लेवर देने में प्रयुक्त केरामेल लीटर, प्लास्टिक के ड्रम में तैयार रंगीन विदेशी शराब तथा करीब 80 पेटियों में, रॉयल स्टैग, रॉयल चैलेंज, रॉयल गोल्ड कप आदि ब्रांड का बोतल बन्द शराब बरामद किया गया है. कुल बरामद विदेशी शराब की मात्रा का आंकलन किया जा रहा है.
