गम्हरिया–चांडिल तीसरी व चौथी लाइन परियोजना हेतु 1168 करोड़ का बजट स्वीकृत
कैबिनेट की मंजूरी : झारखंड को रेलवे की बड़ी सौगात
जमशेदपुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की कैबिनेट समिति ने झारखंड के लिए महत्वपूर्ण रेलवे परियोजना गम्हरिया–चांडिल तीसरी और चौथी रेल लाइन को मंजूरी दे दी है. इस परियोजना पर कुल 1168 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. यह परियोजना झारखंड के औद्योगिक और पर्यटन क्षेत्रों को मजबूत करेगी और रेल यातायात की क्षमता में बड़ा इजाफा करेगी. परियोजना के तहत लगभग 26 किलोमीटर रूट पर 68 किलोमीटर नई ट्रैक लाइन बिछाई जाएगी.
परियोजना की प्रमुख विशेषताएं इस प्रकार हैं—
● 13 बड़े पुल और 59 छोटे पुल का निर्माण
● 2 आरओआर (रोड ओवर रेल)
● 13 आरयूबी (रोड अंडर ब्रिज)
● 2 आरओबी (रेल ओवर ब्रिज)
● 4 लेवल क्रॉसिंग
इस मल्टी-ट्रैकिंग परियोजना से झारखंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों जैसे चांडिल डैम, दलमा हिल टॉप, हेसाकोचा जलप्रपात, रायजामा घाटी और दलमा वन्यजीव अभयारण्य तक रेल कनेक्टिविटी और अधिक सुलभ हो जाएगी.
रेल लाइन क्षमता बढ़ने से कोयला, लौह अयस्क और स्टील संयंत्रों के लिए माल ढुलाई में तेजी आएगी. इस परियोजना से प्रतिवर्ष लगभग 26.8 मिलियन टन अतिरिक्त माल परिवहन संभव होगा.
पर्यावरण की दृष्टि से भी यह परियोजना लाभकारी होगी. इससे हर साल लगभग 6 करोड़ किलो कार्बन डाई ऑक्साइड उत्सर्जन में कमी आएगी, जो करीब 25 लाख पेड़ लगाने के बराबर है. वहीं लॉजिस्टिक लागत में करीब 139 करोड़ रुपये प्रति वर्ष की बचत होगी.
रोजगार सृजन की दृष्टि से यह परियोजना भी अहम मानी जा रही है. इसके माध्यम से लगभग 18 लाख मानव-दिवस का रोजगार उत्पन्न होगा.
सरकार का कहना है कि यह परियोजना भारतीय रेल की क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ झारखंड को औद्योगिक, पर्यटन और आर्थिक रूप से नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी और “आत्मनिर्भर भारत” के लक्ष्य को मजबूत आधार प्रदान करेगी.
