March 24, 2026

शहीदों के विचार युवाओं में प्रसारित करने की जरुरत

IMG-20260323-WA0007

हेमकुंड पब्लिक स्कूल में ‘क्रांति दीप’ आयोजित, शहीदों की याद में कई कार्यक्रम आयोजित

जमशेदपुर : भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव की कुर्बानी इस देश के लिए सबसे बड़े आदर्श हैं और युवाओं को उस आदर्श को अपने जीवन में उतारकर उनके सपनों को पूरा करना चाहिए. इतनी कम उम्र में देश के प्रति हंसते हुए फांसी के फंदे पर झूल जाना हमें देश प्रेम के लिए मर मिटने को प्रेरित करता है. उक्त बातें शिक्षाविद् पारस मिश्रा ने गोलमुरी स्थित हेमकुंड पब्लिक स्कूल में आयोजित ‘क्रांति दीप’ नामक कार्यक्रम में उन शहीदों को श्रद्धांजलि देने के बाद बच्चों को संबोधित करते हुए कही.
श्री मिश्रा ने कहा कि बच्चों और युवाओं के बीच में इनकी कहानी और उनके विचार को प्रचारित और प्रसारित करने की आवश्यकता है. हेमकुंड पब्लिक स्कूल में भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव पर आधारित विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया. साथ ही भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव की याद में ‘क्रांति दीप’ नामक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. उक्त कार्यक्रम में बच्चों ने भगत सिंह और उनके साथियों की याद में मोमबत्ती जलाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. बच्चों ने भगत सिंह की तस्वीर पर पुष्पांजलि दी और उन्हें और उनके विचारों को याद किया.
क्रांति दीप कार्यक्रम और प्रतियोगिता में सम्मिलित सभी बच्चों को सर्टिफिकेट देकर पुरस्कृत किया गया.