हेमंत सरकार में गांव-गरीब को मिला असली हक और सम्मान : संजीव
झामुमो स्थापना दिवस पर पोटका में कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर, सैकड़ों लोग हुए शामिल
जमशेदपुर : झारखंड मुक्ति मोर्चा के स्थापना दिवस पर झामुमो पोटका प्रखंड कमेटी के तत्वावधान में शुक्रवार को शंकरदा पंचायत अंतर्गत पहाड़भांगा में कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में पोटका विधायक संजीव सरदार तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में झामुमो नेता सुनील महतो, पूर्व पार्षद हीरामनी मुर्मू, चंद्रावती महतो सहित अन्य नेता उपस्थित थे. कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों एवं झामुमो कार्यकर्ताओं द्वारा दिशोम गुरु शिबु सोरेन एवं शहीद निर्मल महतो की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर किया गया. इस दौरान काफी संख्या में 34 पंचायतों से आए झामुमो कार्यकर्ता मौजूद रहे.
इस दौरान श्री सरदार ने कहा कि झामुमो पार्टी आंदोलन की उपज है. अलग राज्य के आंदोलन में सैकड़ों लोगों ने अपनी कुर्बानी दी. राज्य गठन के बाद लंबे समय तक भाजपा ने सत्ता संभाली और राज्य की खनिज संपदा को उद्योगपतियों के हाथों सौंप दिया. वर्षों बाद राज्य की जनता ने झामुमो गठबंधन के नेतृत्व में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को राज्य की कमान सौंपी है. कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं संचालन प्रखंड अध्यक्ष सुधीर सोरेन ने किया. मौके पर विद्यासागर दास, जिकरुल होदा, कार्तिक मुर्मू, ओमप्रकाश गुप्ता, हितेश भगत, चक्रधर महतो, अनुपम मंडल, भुवनेश्वर सरदार, भुगलु टुडू, सुबोध सरदार, सुनीता महतो, योगेश भगत, भूपति महतो, बिरेन बास्के, शिवचरण मुर्मू समेत काफी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता उपस्थित थे.
अबुआ सरकार से घबराई केंद्र सरकार
विधायक ने कहा कि अबुआ सरकार के कार्यकाल में राज्य में विकास की रफ्तार तेज हुई है. इसे देखकर केंद्र सरकार घबराई हुई है और राज्य के विकास को बाधित करने का प्रयास कर रही है, लेकिन झामुमो की सरकार इससे डरने वाली नहीं है. अबुआ सरकार राज्य के सभी वर्गों को सम्मान और अधिकार देने का काम कर रही है. विधायक संजीव ने कार्यकर्ताओं से आगामी पंचायत चुनाव को लेकर अभी से जनसमस्याओं से जुडक़र तैयारी में जुटने का आह्वान किया.
