Hindu New Year Yatra Jamshedpur : जमशेदपुर में 18 मार्च को निकलेगी भव्य हिंदू नववर्ष यात्रा, भगवा रंग में रंगेगा शहर, जुलूस के दौरान नो-एंट्री लागू
- ट्रांसपोर्ट मैदान से आम बागान मैदान तक निकलेगा विशाल जुलूस, करीब पांच लाख श्रद्धालुओं के शामिल होने का अनुमान
Jamshedpur/Jharkhand : शहर में हिंदू नववर्ष के अवसर पर 18 मार्च को एक भव्य नववर्ष यात्रा निकाली जाएगी। इस आयोजन को लेकर शहरभर में व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। आयोजन समिति का दावा है कि यात्रा के दौरान पूरा शहर भगवा रंग में सराबोर दिखाई देगा और विभिन्न चौक-चौराहों पर भगवा झंडे, स्वागत द्वार और धार्मिक सजावट देखने को मिलेगी।दूसरी ओर, यात्रा के दौरान संभावित भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने भारी वाहनों के प्रवेश पर अस्थायी नो-एंट्री लागू करने का निर्णय लिया है, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।
डिमना ट्रांसपोर्ट मैदान से आम बागान मैदान तक जाएगी यात्रा
आयोजन समिति के अनुसार 18 मार्च को दोपहर 3 बजे नववर्ष यात्रा डिमना स्थित ट्रांसपोर्ट मैदान से शुरू होगी। यहां से यह जुलूस शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए आम बागान मैदान तक पहुंचेगा, जहां इसका समापन किया जाएगा। इस संबंध में बड़ा हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष के रवि प्रकाश, समाजसेवी पवन सिंह और भाजपा नेता धर्मेंद्र प्रसाद समेत कई प्रमुख लोग उपस्थित थे।
राम दरबार की झांकियां और नौ फीट ऊंची बजरंगबली प्रतिमा बनेगी
आकर्षणआयोजन समिति ने बताया कि इस बार की नववर्ष यात्रा को पहले से अधिक भव्य और आकर्षक बनाने के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं। यात्रा का प्रमुख आकर्षण रामगढ़ का प्रसिद्ध डंका होगा, जो जुलूस में विशेष धार्मिक वातावरण तैयार करेगा। इसके अलावा राम दरबार और भगवान शिव से संबंधित कई आकर्षक झांकियां भी जुलूस में शामिल की जाएंगी। यात्रा में नौ फीट ऊंची बजरंगबली की प्रतिमा भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेगी। साथ ही कुछ विशेष झांकियां कोलकाता से मंगाई जा रही हैं, जिन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
पांच लाख श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना
आयोजन समिति का अनुमान है कि इस विशाल नववर्ष यात्रा में करीब पांच लाख लोग भाग ले सकते हैं। शहर के विभिन्न इलाकों से लोग ट्रांसपोर्ट मैदान पहुंचेंगे और वहां से सामूहिक रूप से यात्रा की शुरुआत करेंगे। कार्यक्रम को सुव्यवस्थित तरीके से संचालित करने के लिए समिति की ओर से करीब 200 वालंटियर तैनात किए जाएंगे, जो पूरे मार्ग में व्यवस्था संभालेंगे और श्रद्धालुओं को सहयोग करेंगे।
पारंपरिक वेशभूषा में 1000 महिलाएं करेंगी यात्रा का नेतृत्व
समाजसेवी पवन सिंह ने बताया कि इस वर्ष की नववर्ष यात्रा की एक खास विशेषता यह होगी कि करीब 1000 महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होकर यात्रा का नेतृत्व करेंगी। इससे आयोजन की सांस्कृतिक और धार्मिक गरिमा को और भी मजबूती मिलेगी।
जुलूस को लेकर प्रशासन ने लागू की नो-एंट्री
नववर्ष यात्रा के दौरान शहर में बढ़ने वाले यातायात दबाव को देखते हुए प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है। आदेश के अनुसार 18 मार्च को सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक शहर में सभी प्रकार के भारी वाहनों के प्रवेश और परिचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। यह आदेश कर्ण सत्यार्थी (DM cum DC), पीयूष पांडेय (SSP) और नीरज कुमार द्वारा जारी किया गया है। हालांकि आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बसों के परिचालन पर कोई रोक नहीं लगाई गई है और वे अपने निर्धारित मार्गों पर सामान्य रूप से चलती रहेंगी।
प्रशासन ने शहरवासियों से की सहयोग की अपील
जिला प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें, ताकि यह धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।
