March 28, 2026

शहर में क्रिसमस की धूम, शांति व तरक्की के लिये हुई प्रार्थना

IMG-20251225-WA0004

गिरिजाघरों में सुबह से ही जुटने लगे लोग, एक दूसरे से मिलकर दी शुभकामनाएं

hemkund-public-school

जमशेदपुर : प्रभु यीशु मसीह के आगमन की खुशी में क्रिसमस त्योहार बड़े ही उमंग उल्लास के साथ मनाया गया. इस कड़ाके की ठंड में भी शहर के चर्च गुलजार रहे और काफी संख्या में मसीही समुदाय के लोग वहां पहुंचे. यहां चर्च द्वारा प्रेम, शांति, सत्य, अहिंसा और भाईचारे का संदेश दिया गया. जमशेदपुर के संत जोसेफ महागिरजाघर, सेंट मैरी चर्च, लुपिटा चर्च टेल्को, मर्सी चेप्पल, कॉन्वेंट स्कूल, कार्मेल स्कूल, एक्सएलआरआई और लोयोला चर्च में प्रार्थना सभा हुई और मिसा बलिदान दिया गया. कैरोल सिंगिंग के दौरान बहुत सारे मसीही समुदाय के लोगों ने अपने पाप को स्वीकार करते हुए कन्फेशन किया, फादर द्वारा उन पर होली वॉटर का छिडक़ाव करते हुए सत्य, प्रेम, न्याय के रास्ते पर चलने का सबक दिया गया. साथ ही चर्च में समाज, राज्य, देश और दुनिया में शांति व तरक्की के लिए प्रार्थना की गई.
समाज के लोग पवित्र बाइबल के वचन पहला, दूसरा एवं तीसरा पाठ पढ़ा गया. प्रभु यीशु मसीह के बाल रूप को बड़े ही श्रद्धा प्रेम भावना के साथ चरनी में रखा गया. लोयोला स्कूल चर्च में फादर अजीत सोरेंग ने क्रिसमस की बधाई देते हुए कहा कि यीशु मसीह का आगमन पर्व है और हमें बाह्य आनंद उल्लास, भौतिक भोग का जीवन नहीं जीना है बल्कि आध्यात्मिक रूप से प्रभु के संदेशों को आत्मसात करना है. अंधकार में प्रभु यीशु मसीह आए और उन्होंने समस्त मानव जाति के कल्याण और मुक्ति के लिए उसे अंधकार से छुटकारा दिलाने के लिए पाप, बुराइयों, द्वेष, घृणा, लालच, क्रोध, युद्ध से बचने के लिए खुद को क्रूस पर बलिदान चढ़ा दिया.
उनके अनुसार क्रिसमस हमारे लिए तभी सार्थक है जब हम खुद की विषय वासना, त्याग, भक्ति, भावना से आध्यात्मिक रूप से प्रभु यीशु की ओर बढ़ेंगे तभी हमारी आशाएं पूरी होगी. विशेष प्रार्थना सभा में फादर मुक्ति क्लेरेंस, फादर सीजी थॉमस, फादर विक्टर मिस्किथ, फादर कुरुविला, फादर चार्ली परेरा, फादर सिरिल तिग्गा आदि शामिल हुए. शहर में बेल्डीह बैपटिस्ट, जीईएल, सीएनआई कलीसिया में गुरुवार की सुबह विशेष प्रार्थना सभा आयोजित हुई. क्रिसमस के मौके पर सभी चर्च रंगीन रोशनी से नहाए हुए हैं और बुधवार की मध्य रात्रि में घंटा बजाकर प्रभु यीशु मसीह के आगमन का संदेश दिया गया.

सांता बन लोगों में खुशी बांटने निकले पप्पू सरदार

क्रिसमस के अवसर पर माधुरी दीक्षित के प्रशंसक पप्पू सरदार ने बुधवार की देर रात सांता क्लॉज बनकर शहर का भ्रमण किया और भाईचारा के साथ सेवा और मानवता का संदेश दिया. इसके लिए पप्पू ने अपनी स्कूटी को भी काफी आकर्षक ढंग से सजाया था. स्कूूटी के आगे सजे चार घोड़े लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहे थे. पप्पू ने साकची, गोलमुरी एवं बिष्टुपुर मेन रोड सहित बेल्डीह, गोलमुरी चर्च, जमशेदपुर अक्षेस कार्यालय के पास, बसंत सिनेमा चौक, साकची गोलचक्कर, पलंग मार्केट मोड़ में लोगों के बीच कई प्रकार के उपहार बांटे. सांता क्लॉज के हाथों उपहार पाकर बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक खुश हुए. सांता क्लॉज बने पप्पू सरदार के एक हाथ में घंटी थी और दूसरे में उपहार से भरे टोपी, स्वेटर, शॉल, केक, चॉकलेट, मिठाईयां, पेन, पेंसिल, खिलोने वाला माधुरी थैला. सांता के आगमन के साथ ही जिंगल वेल, जिंगल वेल गीत बजने लगा. सांता क्लॉज से सभी लोग हाथ मिलाने फोटो खिंचवाने और सेल्फी लेने के लिए बेताब दिखे.

You may have missed