March 28, 2026

‘हुरलुंग वृहद जलापूर्ति योजना’ का ट्रायल सफल, जल्द होगी शुरु

IMG-20260125-WA0000

आवासीय कॉलोनी श्रीनाथ रॉक गार्डेन सहित मनपीटा, हुरलुंग, लुपुंगडीह, नुतनडीह इलाकों में पानी की किल्लत होगी दूर

hemkund-public-school

जमशेदपुर : पाइप लाइन के माध्यम से घर-घर तक पानी पहुचाने के उद्देश्य से सरकार जल्द ही ‘हुरलुंग बृहद जलापूर्ति योजना’ का शुभारंभ करने जा रही है, जिससे टेल्को क्षेत्र के आवासीय कॉलोनी श्रीनाथ रॉक गार्डन सहित मनपीटा, हुरलुंग, लुपुंगडीह, नुतनडीह आदि ग्रामीण इलाकों के निवासियों के लिए पाइप लाइन से जलापूर्ति बहाल की जाएगी.
स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी के मौसम में भूगर्भ जल का स्तर नीचे चले जाने के कारण मनपीटा, हुरलुंग, लुपुंगडीह एवं नूतनडीह के इलाकों में जलसंकट को देखते हुए विधायक मंगल कालिंदी की पहल पर उपरोक्त योजना को वर्ष 2023 में शुरु की थी.
लगभग 10.5 करोड़ की लागत से एक एम.एल.डी. क्षमतावाले इस परियोजना के तहत दो जल मीनार एवं एक फिल्टर प्लांट तैयार किए गए हैं, जिससे पाइपलाइन के मार्फत मनपीटा समेत हुरलुंग, लुपुंगडीह एवं नूतनडीह के गांव में लगभग 30-32 किलोमीटर पाइप लाइन बिछाकर जलापूर्ति होगी.
इस जलापूर्ति योजना के प्रारंभ होने से टेल्को स्थित श्रीनाथ रॉक गार्डन के लगभग 800 परिवारों को समुचित पानी उपलब्ध हो पाएगा. अगले 30 सालो को ध्यान में रख कर उक्त जलापूर्ति योजना स्थापित की जा रही है. इस योजना के पूर्ण होने के बाद हजारों घरों में शुद्ध पेयजल आपूर्ति की जाएगी जिससे स्थानीय लोगों में काफी खुशी एवं उत्साह देखा जा रहा है.

दो सप्ताह में योजना उतरेगी धरातल पर : कार्यपालक अभियंता

पेयजल स्वच्छता विभाग, जमशेदपुर प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता सुनील कुमार ने बताया कि यह योजना यथाशीघ्र अर्थात 12-15 दिनों के अंदर पाइप लाइन से घर-घर जलापूर्ति प्रारंभ की जाएगी. यह एक एमएलडी (मिलियन लीटर प्रतिदिन) योजना है, जिसका ट्रायल भी सफल रहा है. दो फेज में उक्त योजना को पूर्ण रूप से धरातल पर उतारी जाएगी. इसका काम तेजी से चल रहा है.

You may have missed