शिबू सोरेन की जयंती पर दो दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट 10 से
● झामुमो विधायक, नेता, पदाधिकारी व कार्यकर्ता करेंगे दो-दो हाथ
जमशेदपुर : राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरू शिबू सोरेन की जयंती पर झारखण्ड मुक्ति मोर्चा, पूर्वी सिंहभूम के तत्वावधान में दो दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट “दिशोम गुरू शिबू सोरेन मेमोरियल कप-2026” का आयोजन 10 व 11 जनवरी, 2026 को जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज मैदान में किया जाएगा. उक्त जानकारी आज स्थानीय सर्किट हाउस में आयोजित पत्रकार सम्मेलन में झामुमो नेता विक्टर सोरेन ने दी.
उन्होंने बताया कि उक्त प्रतियोगिता में पूर्वी सिंहभूम जिला के कुल 16 टीमें भाग लेंगी. जिला के 11 प्रखण्ड से 11 प्रखण्ड स्तरीय टीम, 4 नगर क्षेत्र से 4 नगरीय टीम तथा 1 जिला स्तरीय टीम सम्मिलित होंगे. इस आयोजन में पूर्वी सिंहभूम जिला के विधायकगण, जिला स्तरीय, प्रखण्ड स्तरीय तथा पंचायत स्तरीय झारखण्ड मुक्ति मोर्चा के 240 पदाधिकारी खिलाड़ी के रूप में अपना खेल प्रतिभा तथा खेल भावना को प्रदर्शित करेंगे.
श्री सोरेन ने बताया कि यह प्रतियोगिता नॉक आउट प्रारूप में खेला जायेगा. हर मैच 6-6 ओवर का होगा. प्रत्येक मैच में एक खिलाड़ी को मैन ऑफ द मैच पुरस्कार से सम्मानित किया जायेगा. प्रतियोगिता के अंत में श्रेष्ठ बल्लेबाज, श्रेष्ठ गेंदबाज तथा प्रतियोगिता के श्रेष्ठ खिलाड़ी को भी सम्मानित किया जायेगा. प्रतियोगिता के विजेता दल को 51000 के नकद पुरस्कार के साथ-साथ दिशोम गुरू मेमोरियल कप प्रदान किया जायेगा. प्रतियोगिता के उप-विजेता दल को 31000 के नकद पुरस्कार के साथ-साथ दिशोम गुरू मेमोरियल कप प्रदान किया जायेगा. बताया कि प्रतियोगिता के पहले दिन 10 जनवरी को प्रातः 9 बजे झंडोत्तोलन के उपरान्त खेल प्रारंभ होगा. प्रतियोगिता के दूसरे दिन 11 जनवरी को अपराह्न 12:15 बजे दिशोम गुरू शिबू सोरेन के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किया जायेगा तथा इसके साथ-साथ जमशेदपुर के पूर्व सांसद सुनील कुमार महतो के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में उन्हें भी श्रद्धासुमन अर्पित की जाएगी. फाइनल मैच के पूर्व जमशेदपुर पूर्वी सिंहभूम जिला के वरिष्ठ नेतागण तथा वरिष्ठ महिला नेत्रीगण के लिये फन गेम का आयोजन किया जायेगा. पत्रकार सम्मेलन में वीर सिंह सुरीन, सागेन पूर्ती, राजा सिंह सहित पार्टी के कई पदाधिकारी मौजूद थे.
