शिवलिंग व गरुड़ जी की प्राण प्रतिष्ठा होते ही उमड़ी श्रद्दालुओं की भीड़
सिदगोड़ा सूर्य मंदिर में धार्मिक आयजन, समापन पर कल दीपोत्सव व महाभंडारा
जमशेदपुर : सूर्य मंदिर समिति, सिदगोड़ा द्वारा आयोजित श्री शिवलिंग पुनस्र्थापना सह प्राण प्रतिष्ठा एवं गरुड़ स्तंभ स्थापना महोत्सव श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ. प्राण प्रतिष्ठा के बाद से ही शिवालय में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा. शुक्रवार को अनुष्ठान की कड़ी में रात्रि शैयाधिवास के अंतर्गत विश्रामरत भगवान को विधिवत जागृत किया गया. निद्रा देवी का आह्वान कर मां से प्रार्थना की गई कि वे भगवान को मोह-माया से मुक्त कर जगत कल्याण हेतु पुन: मंदिर में विराजमान होने की प्रेरणा दें.
इसके उपरांत वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्री शिवलिंग एवं गरुड़ जी की विधिवत प्राण-प्रतिष्ठा सम्पन्न हुई. यज्ञ की पूर्णाहुति और महाआरती के साथ मुख्य अनुष्ठान का समापन हुआ. इस अनुष्ठान में राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री एवं समिति के मुख्य संरक्षक रघुवर दास विशेष रूप से उपस्थित रहे और यज्ञ हवन कर विश्व कल्याण की प्रार्थना की. यजमान के रूप में उमाशंकर दुबे सपत्नीक तथा प्रमोद मिश्रा सपत्नीक ने पूरे श्रद्धा-भाव से प्रत्येक अनुष्ठान में भाग लिया. प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम के अंतर्गत अधिवास कर्म, जलाधिवास, गंधाधिवास, पुष्पाधिवास, धान्याधिवास, औषधिवास, फलाधिवास, नगर भ्रमण तथा यज्ञ की पूर्णाहुति जैसे सभी धार्मिक अनुष्ठान विधिपूर्वक संपन्न हुए. कल, शनिवार को प्रात:काल में विशेष पूजन एवं सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा. वहीं, संध्याकाल में भव्य दीपोत्सव, आकर्षक आतिशबाजी एवं महाभंडारा का आयोजन होगा.
