Jamshedpur Administration Nodel Officer Ka Nirikshan : नोडल पदाधिकारियों ने योजना व सेवाओं के क्रियान्वयन का किया निरीक्षण
सेवाओं की उपलब्धता, गुणवत्ता तथा लाभुकों तक उनकी पहुंच की समीक्षा
जमशेदपुर : उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देशानुसार प्रत्येक गुरुवार को जिले के सभी प्रखंडों एवं नगर निकाय क्षेत्रों में संचालित सरकारी योजनाओं एवं आम नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जमीनी हकीकत जानने हेतु व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया जाता है. इस अभियान के तहत नामित नोडल पदाधिकारियों ने अपने-अपने निर्धारित प्रखंड एवं नगर निकाय का दौरा कर योजनाओं की प्रगति एवं सेवा वितरण की स्थिति का आकलन किया. निरीक्षण के दौरान पदाधिकारियों ने पंचायतों एवं शहरी क्षेत्रों में आंगनबाड़ी केंद्र, विद्यालय, स्वास्थ्य उपकेंद्र, प्रज्ञा केंद्र, जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकान, मनरेगा कार्यस्थल, पंचायत भवन आदि का निरीक्षण कर शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता एवं सार्वजनिक वितरण प्रणाली आदि से जुड़ी सेवाओं की उपलब्धता, गुणवत्ता तथा लाभुकों तक उनकी पहुंच की गहन समीक्षा की.
अभियान के तहत अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम ने बोड़ाम प्रखंड के बेल्डीह पंचायत, विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी ने धालभूमगढ़ के नूतनगढ़ पंचायत, जिला कल्याण पदाधिकारी ने घाटशिला के गोपालपुर पंचायत, डीसीएलआर घाटशिला ने बहरागोड़ा के पुरनापानी पंचायत, स्थापना उप समाहर्ता ने गोलमुरी सह जुगसलाई प्रखंड के हितकू पंचायत, डीटीओ ने जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र, उप निर्वाचन पदाधिकारी ने जेएनएसी, सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी जमशेदपुर ने मुसाबनी के कुईलीसुता पंचायत, भूमि सुधार उप समाहर्ता धालभूम ने पोटका, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी ने मानगो नगर निगम क्षेत्र समेत अन्य पदाधिकारियों ने आवंटित प्रखंडों के पंचायत क्षेत्र का निरीक्षण किया. निरीक्षण का उद्देश्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करने के साथ-साथ जमीनी स्तर पर आनेवाली समस्याओं की पहचान कर उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है. आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों को पोषाहार की उपलब्धता, विद्यालयों में नियमित पठन-पाठन, स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक दवाओं एवं सुविधाओं की उपलब्धता तथा पीडीएस दुकानों द्वारा समय पर एवं निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित करना समेत अन्य सेवाओं की नागरिकों तक सुगमता से पहुंच एवं आच्छादन सुनिश्चित किया जाना है.

