March 7, 2026

Jamshedpur Crime : बागबेड़ा में हैवानियत, महिला से छेड़खानी और मारपीट, मुंह में जलती सिगरेट ठूंसने की कोशिश

Jamshedpur Bagbera Woman Harassment

Jamshedpur Bagbera Woman Harassment

  • मानवता को अपराधियों ने किया तार-तार, नशेड़ियों के आतंक से सहमी नया बस्ती

जमशेदपुर: लौहनगरी के बागबेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत नया बस्ती में बुधवार की देर रात एक ऐसी घटना घटी जिसने शहर में महिला सुरक्षा के दावों की धज्जियां उड़ा दी हैं। एक साधारण सी किराने की दुकान पर सामान लेने गई महिला के साथ न केवल सरेराह बदसलूकी की गई, बल्कि विरोध करने पर उसे बेरहमी से पीटा गया। इस अमानवीय कृत्य में इलाके के एक रसूखदार शराब कारोबारी के बेटे का नाम सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।

सरेराह छेड़खानी और अमानवीय व्यवहार, घटना सीसीटीवी में कैद

जानकारी के मुताबिक, नया बस्ती में किराए के मकान में रहने वाली एक महिला बुधवार रात करीब 10 बजे पास की दुकान पर कुछ सामान लेने निकली थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुकान के पास ही कुछ असामाजिक तत्व जमा होकर सरेआम शराब और सिगरेट का सेवन कर रहे थे।

आरोप है कि इस गुट का मुखिया इलाके के कुख्यात शराब कारोबारी का बेटा कन्हैया था। महिला जैसे ही दुकान के पास पहुंची, कन्हैया और उसके साथियों ने उस पर फब्तियां कसनी शुरू कर दी। जब महिला ने इसका कड़ा विरोध किया, तो आरोपी आपा खो बैठे। उन्होंने लाठी-डंडों से महिला पर हमला कर दिया। इस दौरान क्रूरता की सारी सीमाएं पार करते हुए आरोपियों ने महिला के मुंह में जबरन जलती हुई सिगरेट ठूंसने का प्रयास किया।

दुकान में तोड़फोड़ और साक्ष्यों की मौजूदगी

हंगामे के दौरान आरोपियों ने दुकान के भीतर घुसकर वहां भी तोड़फोड़ की और सामान को क्षतिग्रस्त कर दिया। राहत की बात यह है कि यह पूरी बर्बरता दुकान में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जो पुलिस के लिए सबसे बड़ा सबूत साबित हो सकती है। घटना के तुरंत बाद लहूलुहान और सहमी हुई महिला दुकानदार के साथ बागबेड़ा थाना पहुँची।

पुलिस की सुस्ती पर भड़का आक्रोश, गिरफ्तारी की मांग

स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना की सूचना मिलने के बावजूद शुरुआत में बागबेड़ा पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और ढुलमुल रवैया अपनाया। रसूखदार आरोपी के खिलाफ कार्रवाई में देरी देख बस्तीवासियों का गुस्सा फूट पड़ा।

क्या कहते हैं बस्ती के लोग…

  • शराब कारोबारी का बेटा कन्हैया और उसके साथी आए दिन इलाके में नशे का अड्डा जमाते हैं।
  • महिलाओं का शाम के बाद घर से निकलना दूभर हो गया है।
  • पुलिस की गश्त न होने के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।

फिलहाल, तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए पुलिस पर दबाव बढ़ गया है। स्थानीय लोगों ने अल्टीमेटम दिया है कि यदि कन्हैया और उसके साथियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई, तो वे उग्र आंदोलन को बाध्य होंगे। पुलिस ने अब मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगालने का दावा किया जा रहा है।

Also Read : Jamshedpur Theft News : कदमा में चोरी करते रंगेहाथ पकड़ाया ‘डेफनेट’ चोर, लोगों ने किया पुलिस के हवाले