Jamshedpur Bahragoda Navoday Vidyalay Baithak : अपनी रुचि अनुसार लक्ष्य तय कर सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़े
उपायुक्त की अध्यक्षता में बहरागोड़ा नवोदय विद्यालय में प्रबंधन व सलाहकार समिति की बैठक
जमशेदपुर : बहरागोड़ा स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में विद्यालय प्रबंधन समिति एवं विद्यालय सलाहकार समिति की संयुक्त बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने की. बैठक में विद्यालय के बुनियादी ढांचे, शिक्षा की गुणवत्ता, छात्रों की सुरक्षा, बजट उपयोग तथा चयन परीक्षा की तैयारियों सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई. उपायुक्त ने विद्यालय की कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, खेल मैदान, भोजनालय और छात्रावासों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने शिक्षण गुणवत्ता, अनुशासन, विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की जानकारी ली. साथ ही छात्रों के सर्वांगीण विकास, बेहतर भविष्य निर्माण और करियर काउंसलिंग की आवश्यकता पर भी बल दिया.
उन्होंने कहा कि नवोदय विद्यालयों में अधिकांशतः ग्रामीण परिवेश के प्रतिभाशाली छात्र शिक्षा ग्रहण करते हैं, इसलिए शिक्षा के साथ उनके मानसिक और शारीरिक विकास पर भी विशेष ध्यान देना आवश्यक है. उन्होंने विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक वातावरण के साथ नियमित खेलकूद, आउटरीच कार्यक्रम और अन्य गतिविधियों को अनिवार्य बताया.
उपायुक्त के आगमन पर विद्यार्थियों ने बैंड पार्टी, सामूहिक गान के माध्यम से उनका स्वागत किया. इस अवसर पर उपायुक्त ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें अपनी रुचि अनुसार लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी. उन्होंने छात्रों को अपने माता-पिता, गांव और समाज के सपनों को साकार करने तथा एक जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया. उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को उन्होंने ट्रॉफी देकर सम्मानित भी किया.
उपायुक्त ने विद्यालय में उपलब्ध गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, खेल सुविधाओं और स्मार्ट कक्षाओं की सराहना की. साथ ही आधारभूत संरचनाओं को और सुदृढ़ करने एवं सुविधाओं के विस्तार के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया. उन्होंने शिक्षकों की कमी को दूर करने तथा छात्रों के नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए एमओआईसी बहरागोड़ा को विद्यालय प्रबंधन के साथ समन्वय कर हेल्थ कार्ड अपडेट करने के निर्देश दिए. बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी बहरागोड़ा केशव भारती, अंचल अधिकारी राजा राम मुंडा, एमओआईसी बहरागोड़ा, विद्यालय के प्राचार्य, प्रबंधन समिति के सदस्य एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे.

