Jamshedpur BJP Mahila Morcha Protest : विष्णुगढ़ कांड को विरोध में भाजपाइयों का सरकार पर निशाना
उपायुक्त कार्यालय पर महिला मोर्चा का धरना-प्रदर्शन, भावुक हुई पूर्णिमा
जमशेदपुर : झारखंड में बिगड़ती कानून-व्यवस्था के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जमशेदपुर महानगर महिला मोर्चा के तत्वावधान में सोमवार को उपायुक्त कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया गया. प्रदर्शन का नेतृत्व जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष नीलू मछुआ ने किया. इस अवसर पर विधायक पूर्णिमा साहू शामिल हुई व सरकार पर निशाना साधते हुए अपनी भड़ास निकाली. उक्त घटना का जिक्र करते करते वह खुद भावुक हो गयी. धरने में शामिल कार्यकर्ताओं ने हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ में 12 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ हुई दरिंदगी और निर्मम हत्या की घटना पर गहरा आक्रोश जताया.
इस अवसर पर विधायक पूर्णिमा ने कहा कि इस घटना ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है और महिलाओं व बच्चियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे पर सरकार पूरी तरह विफल रही है. लगातार बढ़ रही दुष्कर्म और हत्या की घटनाएं कानून-व्यवस्था की खराब स्थिति को दर्शाती है.
धरना-प्रदर्शन के बाद भाजपा नेताओं ने पूर्णिमा साहू के नेतृत्व में महामहिम राज्यपाल के नाम एक मांग पत्र जिला उप विकास आयुक्त को सौंपा. इसमें दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी, स्पीडी ट्रायल चलाने और उन्हें शीघ्र कठोरतम सजा दिलाने की मांग की गई. इस मौके पर जिला अध्यक्ष संजीव सिन्हा, पूर्व जिला अध्यक्ष गुंजन यादव, जिला पार्षद कुसुम पूर्ती, महानगर के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष सहित काफी संख्या में महिला मोर्चा की कार्यकर्ताएं उपस्थित रहीं.

