February 11, 2026

लोकगायिका डिम्पल भूमि व मानवी सिंह देंगी मनमोहक प्रस्तुति

IMG-20251023-WA0014

सूर्य मंदिर सिदगोड़ा में छठ पूजा की तैयारियों जोरों पर

जमशेदपुर : सिदगोड़ा सूर्य मंदिर समिति के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने जानकारी दी कि मंदिर परिसर में छठ महोत्सव की तैयारी अंतिम चरण में है. मंदिर के दोनों तालाब समेत पूरे मंदिर परिसर में पेंटिंग एवं सफाई का कार्य जारी है. तालाब की पूरी सफाई के बाद सतह की पेंटिंग की जा रही है. इसके बाद स्वच्छ जल भरा जायेगा. वे आज भालूबासा के एक होटल में पत्रकार वार्ता में बोल रहे थे.
उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर व आसपास के क्षेत्र में विद्युत सज्जा की जा रही है. मंदिर को विशेष तौर पर रंग-बिरंगे फूलों से सजाया जायेगा.
इस अवसर पर संरक्षक चंद्रगुप्त सिंह ने बताया कि व्रतधारियों के लिए अपरान्ह 2 बजे सभी प्रवेश द्वार खोल दिया जाएगा. पहले आओ-पहले पाओ की तर्ज पर घाट पर भगवान भास्कर को अर्घ्य दिया जाएगा. छठ के प्रथम अर्घ्य 27 अक्टूबर को संध्याकाल में लोकगायिका डिंपल भूमि के संग गायिका मानवी सिंह एवं स्थानीय कलाकार सूर्य मंदिर परिसर के शंख मैदान में श्रद्धालुओं के बीच भक्ति संगीत की धारा बहाएंगी.

ग्यारह सौ लोगों को निःशुल्क पूजन सामग्री करेगी भेंट

भूपेंद्र सिंह ने बताया कि मंदिर समिति की ओर से 26 अक्टूबर को आर्थिक रुप से कमजोर व्रतधारियों के बीच नि:शुल्क पूजन सामग्रियों का वितरण किया जायेगा. सूर्य धाम परिसर में जरूरतमंद ग्यारह सौ लोगों के परिजनों के बीच 26 अक्टूबर को पूर्वाह्न 10 बजे से पूजन सामग्रियों का श्रद्धापूर्वक वितरण किया जाएगा.