Jamshedpur Congress Training : झारखंड-ओडि़सा कांग्रेस जिलाध्यक्षों का प्रशिक्षण संपन्न
पार्टी के वरीय पदाधिकारियों ने सभी को प्रदान किया प्रमाण पत्र
जमशेदपुर : टीआरटीसी में ‘संगठन सृजन अभियान’ के तहत कांग्रेस के झारखंड और ओडिशा के नव निर्वाचित जिलाध्यक्षों के लिए आयोजित 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का समापन हो गया. शिविर का उद्देश्य संगठन को मजबूत करना और जिलास्तर पर नेतृत्व क्षमता को विकसित करना था. समापन समारोह के अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के स्थायी आमंत्रित सदस्य एवं झारखंड प्रभारी के. राजू, सह-प्रभारी डॉ. सिरिबेला प्रसाद और भूपेंद्र मरावी ने सभी जिला अध्यक्षों को प्रमाण पत्र प्रदान किए. इस दौरान प्रशिक्षण प्रभारी सचिन राव और प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश भी उपस्थित रहे.
10 दिनों तक चले इस प्रशिक्षण शिविर में विभिन्न विषयों पर देश के कई अनुभवी और विद्वान प्रशिक्षकों ने सत्र लिए. सचिन राव के मार्गदर्शन में जिला अध्यक्षों को संगठन संचालन, नेतृत्व कौशल, जनसंपर्क और चुनावी रणनीति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षित किया गया. इसका उद्देश्य था कि सभी प्रतिनिधि अपने-अपने जिलों में जाकर संगठन को नई ऊर्जा और दिशा दे सकें. शिविर में पूर्वी सिंहभूम के जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह ने भी भाग लिया. समापन समारोह में उन्हें के. राजू के हाथों प्रमाण पत्र प्रदान किया गया. कार्यक्रम के अंत में नेताओं ने आशा जताई कि यह प्रशिक्षण शिविर संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.

