Jamshedpur DBMS College : रक्तदान है महादान, इसे खरीदा नहीं जा सकता : कुसुम
डीबीएमएस कॉलेज परिसर में शिविर, 40 यूनिट रक्त संग्रह
जमशेदपुर : डीबीएमएस कॉलेज परिसर में रोट्रैक्ट क्लब द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसका उद्घाटन मुख्य अतिथि रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3250, ज़ोन 5 की असिस्टेंट गवर्नर कुसुम ठाकुर तथा कॉलेज के अध्यक्ष डॉ. बी चंद्रशेखर ने किया. मुख्य अतिथि ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रक्तदान महादान है, इसे खरीदा नहीं जा सकता. रक्त देकर आप किसी की जिंदगी बचा सकते हैं. कॉलेज के अध्यक्ष डॉ. बी. चंद्रशेखर ने कहा कि झारखंड में महिलाओं में हीमोग्लोबिन की कमी एक गंभीर समस्या है, इसलिए समय-समय पर इसकी जांच कराना आवश्यक है. प्राचार्या डॉ. जूही समर्पिता ने बी.एड. के छात्रों को रक्तदान जैसे महादान के लिए प्रेरित किया
शिविर के दौरान कॉलेज के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्राओं के हीमोग्लोबिन और ब्लड प्रेशर की भी जांच की गई. कॉलेज की सचिव प्रिया धर्मराजन ने रोट्रैक्ट क्लब के सदस्यों को इस कार्य के लिए बधाई देते हुए रक्तदान के विभिन्न लाभों पर चर्चा की. क्लब की मॉडरेटर अंजलि गणेशन ने बताया कि शिविर में कुल 40 यूनिट रक्त संग्रह किया गया. आयोजन को सफल बनाने में रोट्रैक्ट क्लब की काजल महतो, पूजा पाल, दिया प्रामाणिक, रोहित पोद्दार, परिमल पाल, नैंसी आनंद, मेघा टुडू, अनमोल, सारिका, रीमा रॉय, प्रज्ञा प्रियदर्शी, रश्मि और निशु उपाध्याय की सक्रिय भूमिका रही. कार्यक्रम में कॉलेज की सह-सचिव सुधा दिलीप, उप प्राचार्या डॉ. मोनिका उप्पल सहित सभी शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे.

