Jamshedpur DC Ka Musabani Nirikshan : जनहित योजनाओं के क्रियान्वयन में कोई भी शिथिलता न बरतें
उपायुक्त ने आकांक्षी प्रखंड मुसाबनी में की विकास योजनाओं की समीक्षा
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के आकांक्षी प्रखंड मुसाबनी में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने प्रखंड सभागार मुसाबनी में समीक्षा बैठक की. बैठक में योजनाओं की प्रगति, उपलब्धियों एवं चुनौतियों पर चर्चा की गई. उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करें.
बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता, मनरेगा, आवास एवं अन्य प्रमुख योजनाओं की समीक्षा की गई. उपायुक्त ने कहा कि आकांक्षी प्रखंड होने के कारण मुसाबनी में विकास के सभी सूचकांकों में सुधार लाना अत्यंत आवश्यक है. इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें एवं निर्धारित लक्ष्यों को समय पर प्राप्त करें. बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे क्षेत्र में नियमित भ्रमण कर योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी हकीकत का आकलन करें तथा आम जनता से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें. इस अवसर पर गर्मी के मौसम को देखते हुए पेयजल व्यवस्था की समीक्षा की गई. उपायुक्त ने निर्देश दिया कि किसी भी माध्यम यथा- जनता से प्राप्त शिकायत, जनप्रतिनिधियों के माध्यम से या सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से यदि खराब पड़े पेयजल स्रोतों की सूचना प्राप्त होती है, तो उसे प्राथमिकता के आधार पर अविलंब मरम्मत कराया जाए. साथ ही उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि मरम्मत कार्य की सतत निगरानी हो तथा कार्य पूर्ण होने की सूचना संबंधित वरीय पदाधिकारियों को उपलब्ध कराई जाए. इस दौरान प्रखंड मुख्यालय आए नागरिकों से भी मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना तथा समस्याओं के समयबद्ध निराकरण हेतु बीडीओ को निर्देशित किया.
महुलबेडा आंगनबाड़ी केन्द्र का निरीक्षण
बैठक उपरांत उपायुक्त ने महुलबेड़ा स्थित आंगनबाड़ी केन्द्र का निरीक्षण किया। उन्होने सेविका/ सहायिका से बच्चों को नियमित पोषाहार उपलब्ध कराने, पोषण ट्रैकर पर सही डाटा प्रविष्टि तथा बेहतर संचालन हेतु निर्देशित किया. साथ ही प्रखंड मुख्यालय स्थित डाक बंग्ला का निरीक्षण कर उपलब्ध संसाधनों, रखरखाव, संचालन आदि को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए. बैठक में उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, बीडीओ-सह- सीओ पवन कुमार समेत विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे.

