March 28, 2026

महिला पोलिंग पर्सनल के डिस्पैच में प्राथमिकता दी जाए

IMG-20251106-WA0001

● जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने मतदान पूर्व एवं मतदान दिवस की तैयारियों की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश

hemkund-public-school

जमशेदपुर : घाटशिला अनुमंडल सभागार में घाटशिला विधानसभा उप निर्वाचन के सुचारू संचालन को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में बैठक हुई. इस अवसर पर मतदान केंद्रों की तैयारियों, डिस्पैच एवं रिसिविंग, परिवहन व्यवस्था एवं आवश्यक बुनियादी सुविधाओं की समीक्षा की गई. जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी मतदान केंद्रों पर रैंप, पेयजल, बिजली एवं शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं की पुनः समीक्षा की जाए और किसी प्रकार की कमी पाए जाने पर तत्काल सुधार सुनिश्चित किया जाए, ताकि मतदान दलों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो. उन्होंने कहा कि विशेषकर महिला पोलिंग पर्सनल के डिस्पैच में प्राथमिकता दी जाए, ताकि वे शाम 5 बजे तक प्रस्थान कर सकें और 6 बजे तक अपने गंतव्य मतदान केंद्र पर पहुंच जाएं.
बैठक में बताया गया कि कुल 262 मतदान दल सीधे अपने मतदान केंद्रों पर जाएंगे, जबकि अन्य 38 मतदान दल निर्धारित क्लस्टर में रिपोर्ट करेंगे. बैठक के दौरान डिस्पैच की संपूर्ण तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई, जिसमें मतदान सामग्री के वितरण की व्यवस्था, पोलिंग पर्सनल एवं पुलिस बल के मूवमेंट प्लान, मतदान केंद्रों एवं क्लस्टरों में मतदान दलों के लिए भोजन की व्यवस्था, कम्युनिकेशन प्लान की समीक्षा, मतदान दलों एवं माइक्रो ऑब्जर्वर के फाइनल रेंडमाइजेशन, रूट के अनुसार वाहनों की उपलब्धता, मतदान के बाद ईवीएम का रिसीविंग सेंटर तक सुरक्षित परिवहन की समीक्षा कर दिशा-निर्देश दिए गए.
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि दिव्यांग मतदाताओं के लिए सभी मतदान केंद्रों पर व्हीलचेयर की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा वालंटियर की प्रतिनियुक्ति भी की जाए, ताकि उन्हें मतदान में सुविधा मिल सके. उन्होंने बुर्का क्लैड (घूंघट या परदा ओढ़े) मतदाताओं के पहचान सत्यापन, मशीन में खराबी की स्थिति में ईवीएम/वीवीपैट की अदला-बदली एवं निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अक्षरशः अनुपालन पर भी बल दिया. जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि डिस्पैच और रिसीविंग प्रक्रिया के लिए कुल 20 काउंटर बनाए जाएंगे, जिससे मतदान दलों की आवाजाही और प्रक्रिया को सुव्यवस्थित एवं समयबद्ध बनाया जा सके. उन्होंने पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक व्यवस्था का भौतिक सत्यापन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें, ताकि 11 नवम्बर को मतदान दिवस के दिन सभी व्यवस्थाएँ पूरी तरह दुरुस्त और कार्यात्मक रहें. बैठक में रूरल एसपी, उप विकास आयुक्त, अपर आयुक्त, डीटीओ, डीसीएलआर घाटशिला, निर्वाची पदाधिकारी घाटशिला, उप निर्वाचन पदाधिकारी, जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी, डीआईओ, सभी एईआरओ व अन्य सम्बंधित उपस्थित रहे.