April 11, 2026

Jamshedpur DC Office Nirikshan : विभिन्न कार्यालयों में जाकर उपायुक्त ने देखी व्यवस्था

IMG-20260410-WA0009

कर्मचारियों को दिए समयबद्धता से कार्य करने व बायोमीट्रिक उपस्थिति के दिशा-निर्देश

जमशेदपुर : उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने शुक्रवार को समाहरणालय परिसर स्थित विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने सामाजिक सुरक्षा, राजस्व, निर्वाचन, नजारत, विधि शाखा, कोर्ट कक्ष, समाज कल्याण, डीआईओ कार्यालय, झारनेट, सामान्य शाखा, गोदाम, यूआईडी समेत विभिन्न कार्यालयों का जायजा लिया. निरीक्षण का उद्देश्य कार्यालयों में कार्य अनुशासन, उपस्थिति, स्वच्छता तथा कार्य संस्कृति की समीक्षा करना था. उन्होंने सभी कार्यालयों में उपस्थिति पंजी की जांच की तथा अनुपस्थिति पाए गए कर्मियों के संबंध में पूछताछ की. सभी कार्यालय प्रधान को कार्यालयों में साफ-सफाई, पंजी के रख-रखाव, सुरक्षा व्यवस्था, कर्मचारियों को समयबद्धता के साथ कार्य करने, पदाधिकारियों और कर्मचारियों की नियमित बायोमीट्रिक उपस्थिति, कार्यालयी दस्तावेजों की व्यवस्था समेत विभिन्न बिंदुओं से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
निरीक्षण के दौरान अनुपयोगी फर्नीचर एवं मशीनी उपकरण को लेकर उन्होने कहा कि जल्द से जल्द सभी अनुपयोगी वस्तुओं को एकत्रित कर जिला स्तर पर नीलामी कराएं. उपायुक्त ने समाहरणालय परिसर में चिह्नित पार्किंग एरिया एवं वेटिंग एरिया का भी निरीक्षण किया. इस दौरान विभिन्न कार्यों को लेकर समाहरणालय आए नागरिकों से भी उन्होने संवाद कर उनकी समस्याओं को जाना तथा मौके पर उपस्थित पदाधिकारियों को उचित कार्रवाई हेतु निर्देशत किया. मौके पर उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, नजारत उपसमाहर्ता डेविड बलिहार, डीटीओ धनंजय, विधि शाखा के प्रभारी चंद्रजीत सिंह व अन्य मौजूद थे.

hemkund-public-school