Jamshedpur DGM Library Membership Fees : चार अलग-अलग वर्ग में एकमुश्त पंजीकरण शुल्क निर्धारण
डीजीएम लाइब्रेरी : पुस्तक पढऩे को बढ़ावा देने के लिये जिला प्रशासन की पहल
जमशेदपुर : विद्यार्थी, युवा एवं आम नागरिकों के लिए साकची में दिशोम गुरु मेमोरियल लाइब्रेरी का शुभारंभ किया गया है. पाठकों के लिए लाइब्रेरी प्रतिदिन सुबह 8 से रात 8 बजे तक संचालित है.
शहरवासियों को अध्ययन के लिए आधुनिक सुविधा, बेहतर व शांत वातावरण में लगभग 8 हजार विविध प्रकार की पुस्तकों का विशाल संग्रह उपलब्ध है. लाइब्रेरी में सदस्यता हेतु एकमुश्त पंजीकरण शुल्क निर्धारित किया गया है. इसके तहत 6 से 16 वर्ष के बच्चों के लिए 100 रु., 16 से 25 वर्ष के छात्रों के लिए 300 रु., 25 से 60 वर्ष के वयस्कों के लिए 500 रु. तथा 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए मात्र 100रु. सदस्यता शुल्क निर्धारित है. इच्छुक नागरिक क्यूआर कोड स्कैन कर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं अथवा पहचान पत्र, निवास प्रमाण पत्र एवं पासपोर्ट आकार के फोटो के साथ सीधे लाइब्रेरी में जाकर पंजीकरण करा सकते हैं. उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने इस लाइब्रेरी से शहर में अध्ययन, पठन-पाठन एवं बौद्धिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई है. कहा कि लाइब्रेरी विद्यार्थियों एवं पाठकों के लिए एक महत्वपूर्ण ज्ञान केंद्र के रूप में उपयोगी साबित होगी.
लाइब्रेरी से अब सदस्य घर ले जा सकेंगे पुस्तकें
पाठकों की सुविधा एवं पठन-संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पुस्तक निर्गमन (बुक इश्यू) सुविधा प्रारंभ कर दी गई है. अब लाइब्रेरी के पंजीकृत सदस्य पुस्तकें अपने घर ले जाकर अध्ययन कर सकेंगे. लाइब्रेरी प्रबंधन द्वारा विभिन्न आयु एवं वर्ग के पाठकों को ध्यान में रखते हुए सदस्यता शुल्क निर्धारित किया गया है. पुस्तक सदस्यता शुल्क मासिक, त्रैमासिक एवं वार्षिक आधार पर निम्नानुसार है. इसमें बच्चे – 50, 120 और 550 रु. है. छात्रों के लिये 100, 270 तथा 1100 रु. है. वयस्कों के लिये यह रकम 150, 420 तथा 1,700 रु. है. जबकि वरिष्ठ नागरिकों के लिये 120, 330 तथा 1,300 रु. देय होगा. सामाजिक समावेशन को बढ़ावा देते हुए दिव्यांगजनों के लिए सदस्यता शुल्क पूर्णत: नि:शुल्क रखा गया है.

