March 28, 2026

परमाणु ऊर्जा केन्द्रीय विद्यालय के एनसीसी कैडेट्स ने निकाली प्रभात फेरी

IMG-20251030-WA0001

● घाटशिला एसडीएम ने चलाया मतदाता जागरूकता कार्यक्रम, नागरिकों से मताधिकार के प्रयोग की अपील

hemkund-public-school

जमशेदपुर : घाटशिला विधानसभा उप निर्वाचन के परिप्रेक्ष्य में मतदाता जागरूकता अभियान (स्वीप) के तहत जादूगोड़ा क्षेत्र में मतदाता जागरूकता प्रभात फेरी का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम का नेतृत्व अनुमंडल पदाधिकारी, घाटशिला सुनील चंद्र ने किया. कार्यक्रम का उद्देश्य अधिक से अधिक नागरिकों को मतदान के प्रति जागरूक करना और लोकतंत्र के इस महापर्व में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा. प्रभात फेरी में परमाणु ऊर्जा केन्द्रीय विद्यालय, जादूगोड़ा के एनसीसी कैडेट्स, शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों ने भाग लिया. इस दौरान कैडेट्स ने मतदाताओं से मतदान दिवस पर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की और ‘मतदान करें, लोकतंत्र को मजबूत करें’ जैसे नारों के माध्यम से पूरे क्षेत्र में जनजागरूकता का संदेश फैलाया.
अनुमंडल पदाधिकारी ने उपस्थित विद्यार्थियों और नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि ‘हर एक वोट लोकतंत्र की नींव को मजबूत करता है. मतदान न केवल हमारा अधिकार है बल्कि राष्ट्र निर्माण में भागीदारी का अवसर भी है. सभी मतदाता 11 नवंबर 2025 को मतदान अवश्य करें.’ उन्होंने कहा कि घाटशिला अनुमंडल में स्वीप के तहत लगातार विभिन्न जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें शैक्षणिक संस्थान, सामाजिक संगठन, युवागण और स्थानीय निकाय सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं. कार्यक्रम के दौरान एनसीसी कैडेट्स ने मतदाता शपथ भी ली कि वे स्वयं मतदान करेंगे और दूसरों को भी मतदान के लिए प्रेरित करेंगे.
अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि स्वीप कार्यक्रम नागरिकों को लोकतंत्र में उनकी भूमिका के प्रति संवेदनशील बनाने का एक सशक्त माध्यम है और प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि घाटशिला विधानसभा क्षेत्र में मतदान प्रतिशत में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज हो.

You may have missed