Jamshedpur Jaya Kishori Katha : शहर पहुंची जया किशोरी, तीन दिवसीय संगीतमय कथा आज से
साकची बोधि मंदिर मैदान होगा कथास्थल, सुरक्षा के होंगे पुख्ता इंतजाम
जमशेदपुर : विश्वविख्यात आध्यात्मिक वक्ता जया किशोरी सोमवार, 30 मार्च की रात अपनी 25 सदस्यीय टीम के साथ जमशेदपुर पहुंची. उनके आगमन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है. रांची एयरपोर्ट पर आयोजक व मारवाड़ी समाज के लोगों ने उनका अभिनंदन किया. ज्ञात हो कि नारायणी सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में 31 मार्च से 2 अप्रैल तक साकची स्थित बोधि मंदिर मैदान (राजेंद्र विद्यालय के समीप) में तीन दिवसीय संगीतमय कथा का आयोजन किया जा रहा है. इसे देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं.
कार्यक्रम के दौरान प्रतिदिन अपरान्ह 3 बजे से शाम 7 बजे तक ‘नानी बाई रो मायरो’ कथा प्रस्तुत की जाएगी. कथा के अंतर्गत भक्त नरसी मेहता के जीवन प्रसंग, श्रीकृष्ण भक्ति और विभिन्न धार्मिक कथाओं का रसपूर्ण वर्णन किया जाएगा. आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम में प्रवेश निःशुल्क रहेगा, लेकिन सुव्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रवेश पत्र अनिवार्य किया गया है. साथ ही, जो श्रद्धालु कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित नहीं हो पाएंगे, उनके लिए कथा का लाइव प्रसारण डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी उपलब्ध कराया जाएगा. उल्लेखनीय है कि जया किशोरी का यह जमशेदपुर का दूसरा दौरा है. वे अपनी सहज कथा शैली, मधुर भजनों और युवाओं के बीच लोकप्रिय प्रेरणादायी वक्तृत्व के लिए विशेष रूप से जानी जाती हैं.

